अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री जयाप्रदा का असली नाम ललिता रानी है। फिल्मों में आने के बाद जैसे कई कलाकारों के नाम बदलते हैं वैसे ही ललिता रानी जया प्रदा हो गईं। ललिता उर्फ जया का जन्म 3 अप्रैल 1962 में आंध्र प्रदेश के राजाहमुंडरी जिले में हुआ था।
जया के पिता कृष्णा राव तेलुगू फिल्मों के फाइनेंसर थे। जया के फिल्मी करियर की शुरुआत तेलुगू फिल्म 'भूमिकोसम' से हुई। इस फिल्म के लिए जया प्रदा को केवल 10 रुपए मिले थे। शुरू से ही जयाप्रदा की जिंदगी रहस्य और रोमांच से भरी रही है। उनका जीवन हमेशा किसी न किसी वजह से चर्चाओं में रहा है।
1986 में जब जया का करियर पीक पर था जयाप्रदा ने निर्माता श्रीकांत नाहटा से शादी कर ली। दोनों 22 जून 1986 को शादी के बंधन में बंध गए। जयाप्रदा श्रीकांत की दूसरी पत्नी थीं। इससे पहले श्रीकांत ने चंद्रा के साथ शादी की थी जिससे उनके तीन बच्चे भी हैं।
श्रीकांत और जयाप्रदा की शादी से काफी विवाद भी खड़ा हुआ, क्योंकि उन्होंने अपनी पहली पत्नी को तलाक दिए बिना जयाप्रदा से शादी की थी। हैरानी की बात तो ये है कि जयाप्रदा से शादी के बाद भी उनकी पहली पत्नी से श्रीकांत को बच्चे हुए।
80 के दशक में श्रीदेवी और जयाप्रदा के बीच जबरदस्त कॉम्पटीशन रहा। दोनों एक-दूसरे से बातचीत तक करना पसंद नहीं करती थीं। कहा ये भी जाता है कि 1984 में फिल्म 'मकसद' की शूटिंग के दौरान राजेश खन्ना और जीतेंद्र ने इन दोनों को मेकअप रूम में बंद कर दिया था, ताकि दोनों की फिर से दोस्ती करा सकें लेकिन दो घंटे के बाद जब मेकअप रूम का दरवाजा खोला गया तो भी दोनों चुपचाप अलग-अलग बैठी नजर आईं।