पिछले दिनों शशांक खेतान की फिल्म 'धड़क' से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहीं श्रीदेवी के बेटी जाह्नवी कपूर की फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ। 'धड़क' साल 2016 में आई नागराज मंजुले की मराठी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सैराट' की हिंदी रीमेक है। 'धड़क' में जाह्नवी के साथ शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर नजर आ रहे हैं। फिल्म अगले महीने 20 जुलाई को रिलीज होगी।
बात करें साल 2016 में आई फिल्म ‘सैराट’ की तो क्रिटिक्स और आॅडियंस दोनों ने सैराट को खूब पसंद किया था। हालांकि, ‘धड़क’ के ट्रेलर का कई यूजर्स ने मजाक भी उड़ाया, खासकर जाह्नवी और ईशान की पेयरिंग को लेकर खूब मजाक बना, लेकिन अब जाह्नवी ने खुद मजाक उड़ाने वालों को करारा जवाब दिया है।
एक इंटरव्यू में जाह्नवी कपूर ने कहा, 'धड़क के लिए उन्हें लोगों का जो प्यार मिल रहा है, इसके लिए वह सभी का शुक्रिया कहना चाहती हैं। मुझे उम्मीद है कि जिन लोगों को फिल्म का ट्रेलर पसंद नहीं आया है उनके विचार फिल्म देखने के बाद बदल जाएंगे।
जाह्नवी ने कहा मैं पहले ट्रोलर्स के मजाक उड़ाए जाने पर ध्यान नहीं देती थी, लेकिन अब मैं इंडस्ट्री में शामिल हूं तो यह बातें मुझे प्रभावित करती हैं।' वैसे भी सोशल मीडिया पर किसी भी सेलिब्रिटी का ट्रोल हो जाना आम बात हो गई है। ट्रोलर्स बस इसी बात का इंतजार करते हैं कि कब-किसे ट्रोल किया जाए। सलमान खान की फिल्म 'रेस 3' इस बात का गवाह है।
फिल्म अगले महीने 20 जुलाई को रिलीज होगी। फिल्म मेवाड़ी बैकग्राउंड पर बनी है। 3 मिनट के ट्रेलर में रोमांस, एक्शन, थोड़ी सी कॉमेडी और नए स्टार्स के लुक पर काम किया गया है। अब ऐसे में सवाल ये उठता है कि क्या भारी चकाचौंध के बीच रिलीज होने जा रही धड़क सैराट जैसा ही जादू बिखेर पाएगी?