दिवंगत अभिनेता इरफान खान के निधन को करीब पांच महीने का समय बीत चुका है। लेकिन उनका परिवार अब भी उनकी यादों में खोया हुआ है। इरफान की पत्नी सुतापा सिकदर अक्सर सोशल मीडिया पर अपने पति के साथ बिताए लम्हों को याद करती रहती हैं। अब हाल ही में उन्होंने इरफान खान की एक इच्छा पूरी ना कर पाने पर अफसोस जाहिर किया है।
इरफान खान की एक इच्छा पूरी नहीं कर पाईं पत्नी सुतापा, आज भी है इस बात का अफसोस
इरफान खान की पत्नी सुतापा सिकदर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं। वो अक्सर खास मौकों पर अपने पति इरफान खान को याद करती हैं। साथ ही उनके फैंस के साथ उनसे जुड़ी यादों को साझा करती रहती हैं। अब हाल ही में सुतापा ने बताया है कि इरफान की एक इच्छा अधूरी रह गई। जिसे पूरा ना कर पाने का सुतापा को आज भी बेहद अफसोस है।
दरअसल डॉटर्स डे के खास मौके पर इरफान खान की पत्नी सुतापा सिकदर ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया है, जिसके जरिए उन्होंने इरफान की एक अधूरी इच्छा के बारे में बताया है। इरफान की ये अधूरी इच्छा थी एक बेटी। इरफान खान और सुतापा हमेशा से एक बेटी चाहते थे। लेकिन उनकी ये इच्छा अधूरी ही रह गई।

सुतापा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, 'मैं और इरफान चाहते थे कि हमें बेटी हो, इसलिए जब दूसरी बार भी बेटा हुआ तो डॉक्टर ने बोला ही नहीं कि बेटा हुआ है। उन्होंने बस इतना कहा कि बधाई हो, बेबी स्वस्थ है। बाद में मैं बहुत निराश हुई थी, क्योंकि हमें बेटी चाहिए थी। मुझे दुख होता है कि इरफान को बेटी देने की ख्वाहिश पूरी न कर सकी। उनका मानना था कि लड़की को सिर्फ आजादी देना काफी नहीं है।'
गौरतलब है कि इरफान खान का निधन इसी साल 29 अप्रैल को हुआ था। जिसके बाद से ही इरफान के बेटे बाबिल खान और उनकी पत्नी सुतापा सिकदर अक्सर उन्हें याद करते रहते हैं। बाबिल भी अपने पिता की सिखाई हुई सीख और उनसे जुड़ी कई यादों को साझा करते रहते हैं। यहां तक कि इरफान के फैंस भी अब तक उन्हें भुला नहीं पाए हैं।
पढ़ें: सुशांत को इंसाफ मिलने में हो रही देरी से दुखी हैं हितेन तेजवानी, कहा- 'हम उसे शांति नहीं दे रहे'