'रॉकस्टार', 'जब वी मेट', 'हाइवे' और 'तमाशा' जैसी फिल्में निर्देशित कर चुके इम्तियाज अली इस बार 'लैला मजनू' लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म का पोस्टर और टीजर पहले ही शेयर कर चुके हैं और मंगलवार को इसका ट्रेलर भी रिलीज हो गया। ट्रेलर लॉन्च के मौके पर मीडिया से बात करते हुए इम्तियाज ने फिल्म को लेकर कई राज खोले।
इम्तियाज अली ने कहा कि बॉक्स ऑफिस के लिहाज से यह एक असुरक्षित फिल्म है। लैला मजनू में आपको वो कुछ नहीं मिलेगा, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट होने वाली एक टिपिकल लव स्टोरी में होने चाहिए। फिल्म में लीड रोल में अविनाश तिवारी और तृप्ति डिमरी हैं। प्यार के लिए हद से गुजर जाने की दास्तां है 'लैला मजनू'।
इम्तियाज ने कहा, 'फिल्म में सिर्फ वे चीजें हैं जो हम सच में महसूस करते हैं। इस फिल्म को बनाने के लिए मुझे कुछ पागल लोगों की जरूरत होगी क्योंकि नॉर्मल लोग इस फिल्म को नहीं बना पाएंगे। फिल्म में कई समस्याएं हैं और यह एक असुरक्षित फिल्म है। फिल्म का लीड कैरेक्टर भी प्यार में इस कदर पागल हो जाता है कि वो प्यार के लिए सारी हदें पार कर जाने के लिए तैयार है।
इम्तियाज ने कहा ‘लैला मजनू’ एक ऐसी फिल्म है जो दर्शकों की एक खास क्लास के लिए है, जिन्हें रियलिटी को स्क्रीन पर देखना पंसद है। लैला मजनू की कहानी आप बचपन से सुनते आ रहे हैं। दोनों के प्यार की मिसाल दी जाती है। बता दें फिल्म की कहानी कश्मीर की पृष्ठभूमि पर है। कश्मीर में ही दोनों का प्यार पनपता है लेकिन वहां की समस्याओं का खामियाजा इनकी प्रेमकहानी को भुगतना पड़ता है। फिल्म 7 सितंबर को रिलीज हो रही है।