तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर का मामला शांत नहीं हो रहा है और अब तो ये दो भागों में बंट गया है। तनुश्री ने नाना पाटेकर पर 10 साल पहले फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' के सेट पर उनके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की तरफ से बॉलीवुड से लोग खड़े हो रहे है। सोनम कपूर, प्रियंका चोपड़ा, ट्विंकल खन्ना जैसे कई स्टार्स ने तनुश्री का सपोर्ट किया है। ट्विंकल ने तो तनुश्री को बहादुर महिला बताया है।वहीं तनुश्री ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता होने के नाते नाना के रुतबे की वजह से मेरी आवाज दबा दी गई।''
बता दें तनुश्री ‘फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ में लीड किरदार निभा रही थीं लेकिन एक गाने को लेकर नाना पाटेकर और तनुश्री में विवाद हो गया जिसके बाद तनुश्री ने ये फिल्म छोड़ दी। फिल्म छोड़ने के बाद रिमी सेन ने हॉर्न ओके प्लीज में लीड किरदार निभाया था। इस फिल्म में एक आइटम नंबर था जिसे बाद में राखी सांवत ने किया था।
अब तनुश्री के आरोप के बाद इंटरनेट पर फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' वह गाना वायरल हो रहा है, जहां से ये सारे विवाद शुरू हुए थे। गाने के बोल थे 'नियत का सौदा है'। इस गाने में राखी सावंत नाना पाटेकर के साथ डांस करती नजर आ रही हैं। इसी मामले में राखी सावंत ने शनिवार को मुंबई में प्रेस कांफ्रेंस की। जब उनसे पूछा गया कि क्या आपको पता था कि जिस गाने में आपको लिया जा रहा है उसमें आपसे पहले तनुश्री दत्ता थीं। इस पर राखी ने बताया, 'हां मुझे पता था कि तनुश्री उसमें है।'
राखी ने उस गाने पर बात करते हुए कहा, 'मैं घर में बैठी थी, तभी गणेश आचार्य का फोन आया कि राखी तुरंत सेट पर आ जा, तुझे गाना करना है। मैंने उनसे कहा कि गाना तो भेजो, तो उन्होंने कहा 'तुझे क्या करना है, मैं गाना कर रहा हूं, तू आजा।' राखी ने कहा कि मैंने उनसे कपड़ों के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि सब हो जाएगा तू बस यहां आजा।' इसके बाद राखी ने बताया कि नाना पाटेकर का भी उनके पास फोन आया कि वह जल्दी सेट पर पहुंच जाएं।
राखी ने कहा- मुझे तब तक कुछ समझ में नहीं आया। मुझे उन्होंने तनुश्री के बारे में कुछ नहीं बताया। जब मैं सेट पर पहुंचीं तो देखा वहां मेकअप वैन थी और उसके पीछे लोग थे, मीडिया थी, वहां तोड़-फोड़ हो रखी थी। मैंने घबराकर मास्टर जी से पूछा, 'ये सब क्या हो रहा है।' इसपर उन्होंने कहा, 'ये गाना तनुश्री दत्ता का था, हमने थोड़ा शूट भी किया था। 4-5 घंटे से हम उसे बुला रहे हैं पर वह वैन का दरवाजा ही नहीं खोल रही है।' राखी ने बताया कि मैंने सोचा मैं उसे फोन करूं तो उसने मेरा भी फोन नहीं उठाया।'