नीरज पांडे के निर्देशन में बनी सिद्धार्थ मल्होत्रा और मनोज बाजपेयी की अय्यारी पर एक हॉलीवुड फिल्म भारी पड़ गई। हॉलीवुड फिल्म 'ब्लैक पैंथर' के पहले दिन की कमाई 'अय्यारी' से दुगनी रही। यकीनन, अब इसके दर्शक बढ़ेंगे और आने वाले समय में ये 'पद्मावत' और 'पैडमैन' को झटका देगी।
एक्शन से भरपूर फिल्म 'ब्लैक पैंथर' को वर्ल्डवाइड जबरदस्त रिस्पांस मिला है। 16 फरवरी को रिलीज हुई यह फिल्म भारत में पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म बन गई है। इस फिल्म ने पहले दिन कमाई के मामले में हॉलीवुड की कई सारी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
इस फिल्म ने पहले दिन भारत में 5.60 करोड़ रुपये की कमाई की है। हालांकि बाकी हॉलीवुड फिल्मों की बात करें तो वह इसके सामने धराशायी हुई हैं। फिल्म पद्मावत ने 24 करोड़ के साथ धमाकेदार ओपनिंग दी थी। वहीं पैडमैन ने 10.26 करोड़ के साथ बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग दी लेकिन अय्यारी का कलेक्शन सिर्फ 5 करोड़ ही रहा।
दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में ज्यादातर एक्टर अमेरिकी-अफ्रीकी मूल के हैं। इसके साथ ही इस फिल्म में एक्शन और जबरदस्त सीन्स का तड़का लगाया गया है जिस वजह से यह लोगों को अपनी ओर खींचने में कामयाब रही। यह मॉरवेल स्टूडियो की बनी फिल्म है। 'ब्लैक पैंथर' में कैडविक बोसमैन सुपरहीरो के रूप में नजर आ रहे हैं।
'ब्लैक पैंथर' में ल्युपिटा न्योंगो, माइकल बी. जॉर्डन, दनई गुरिरा, लेटिटिया राइट, एंजेला बैसेट, फोरेस्ट व्हिटाकर और मार्टिन फ्रीमैन जैसे सितारे प्रमुख भूमिकाओं में हैं। वेबसाइट 'वैराइटी डॉट कॉम' के मुताबिक, अमेरिका में पहले सप्ताहांत में 'ब्लैक पैंथर' की कमाई कम से कमाई 17 करोड़ डॉलर होने की संभावना है।