5 मई यानि आज गुलशन कुमार का बर्थडे है। अगर आज गुलशन कुमार हमारे बीच होते तो 62 साल के होते। एक छोटी सी म्यूजिक कैसेट कंपनी से बिजनेस की शुरुआत करने वाले गुलशन कुमार ने म्यूजिक की दुनिया में तहलका मचा दिया था, लेकिन दिल्ली के एक छोटे से इलाके से मुंबई पर राज करने वाले गुलशन कुमार की सफलता कई लोगों को रास नहीं आईं और 12 अगस्त 1997 को उनकी हत्या कर दी गई। आइए उनके जन्मदिन पर जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ रोचक बातें।
बचपन में गुलशन कुमार जूस की दुकान पर अपने पिता का हाथ बंटाते थे और यहीं से उनका बिजनेस में इंट्रेस्ट हो गया और इस कमाई से उन्होंने कई अच्छे काम किए। गुलशन कुमार ने अपने धन का एक हिस्सा समाज सेवा के लिए दान करके एक मिसाल कायम की। उन्होंने वैष्णो देवी में एक भंडारे की स्थापना की जो आज भी तीर्थयात्रियों के लिए नि: शुल्क भोजन उपलब्ध कराता है।
सफलता के दौर में गुलशन कुमार पर चोरी का आरोप लगाया गया था। रेडिफ के अनुसार, उन्होंने लोकप्रिय साउंडट्रैक की कम लागत वाली प्रतियां बेचीं लेकिन जब इसके बारे में पूछा गया, तो उन्होंने आरोपों से इनकार कर दिया। कहा जाता है उस दौर में जब एक कैसेट 25 से 30 रुपये में बिका करते थे, गुलशन कुमार अपने कैसेट को 15 से 17 रुपये में बेचते थे।
महज 10 साल में ही गुलशन कुमार ने टी सीरिज के बिजनस को 350 मिलियन तक पहुंचाया था। गुलशन कुमार ने सोनू निगम, अनुराधा पौडवाल, कुमार सानू जैसे कई सिंगर्स को लॉन्च भी किया। उन्होंने अपने भाई कृष्णन कुमार दुआ को भी बॉलीवुड में लॉन्च किया लेकिन वह सफल न हो सके।
साल 1992 में गुलशन कुमार भारत के सबसे ज्यादा टैक्स देने वाले शख्स बन गए थे। एक बार जब अबु सलेम ने गुलशन कुमार से हर महीने 5 लाख रुपए देने के लिए कहा तो गुलशन कुमार ने इनकार करते हुए कहा कि इतने रुपए देकर वो वैष्णो देवी में भंडारा कराएंगे। इसके बाद से ही वह अंडरवर्ल्ड के निशाने पर आ गए।