देश के संसद भवन पर हमला करने वाले आतंकवादी अफजल गुरु के बेटे गालिब पर फिल्म बनाई गई है जिसका शीर्षक भी 'गालिब' ही है। अफजल के एक पक्ष से तो पूरी दुनिया वाकिफ है। इस फिल्म में निर्माताओं ने अफजल के बेटे को केंद्र में रखकर उसके सकारात्मक पक्ष को भी दिखाने की कोशिश की है। दर्शकों के लिए अफजल का सकारात्मक पक्ष देखना शायद आश्चर्यजनक न हो! लेकिन, इसमें सबसे ज्यादा आश्चर्यजनक बात यह है कि इस फिल्म के साथ अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने बड़े पर्दे पर वापसी की है।
अफजल गुरु के बेटे की जिंदगी पर बनी ये फिल्म, 'रामायण' की माता सीता बनीं अफजल की पत्नी
जी हां! रामानंद सागर के मशहूर धार्मिक धारावाहिक 'रामायण' में माता सीता की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया इस फिल्म के साथ एक बार फिर से पर्दे पर दिखाई दे रही हैं। कमाल की बात यह है कि उन्होंने इस फिल्म में अफजल गुरु की पत्नी यानी गालिब की मां का किरदार निभाया है। इस फिल्म में उनके किरदार का नाम शबाना होगा। मुख्य तौर पर यह कहानी अफजल के बेटे गालिब की ही है। अपने पिता के नाम को दूर रख कर गालिब अपनी मां की देखरेख में ही बड़ा होता है।
फिल्म 'गालिब' के ट्रेलर में दिखाई गई कहानी के हिसाब से अपनी मौत से पहले खुद अफजल भी चाहता है कि उसका बेटा उसकी तरह बिल्कुल न बने। गालिब को उसके आसपास के लोग अपने पिता के साथ हुए कांड का हवाला देकर भड़काते रहते हैं लेकिन अंत में गालिब को स्कूल में एक अध्यापक का साथ मिलता है। जहां से गालिब अच्छाई का रास्ता पकड़ लेता है। इसमें गालिब की मां उसका भरपूर साथ देती है।
नकारात्मकता में भी सकारात्मकता ढूंढने वाली इस फिल्म 'गालिब' में दीपिका चिखलिया के अलावा निखिल पिटाले, अनिल रस्तोगी, अजय आर्या, विशाल दुबे, अनामिका शुक्ला, आदि कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
यह फिल्म इसी साल अगस्त में रिलीज होने वाली थी लेकिन कोरोना वायरस की वजह से हुई विश्वव्यापी बंदी के बाद सिनेमाघरों के बंद होने के चलते यह फिल्म अब तक रिलीज नहीं हुई।
शादी के कपड़ों पर ट्रोल हुईं नेहा कक्कड़, अब बोलीं- लहंगा सब्यसाची ने गिफ्ट किया था