The Kerala Story: बीना पॉल ने द केरल स्टोरी को तथ्यात्मक रूप से बताया गलत, कहा- इसका कोई सिनेमाई मूल्य नहीं
द केरल स्टोरी पर अपना दृष्टिकोण साझा करते हुए बीना ने कहा कि मैं इस बात से परेशान हूं कि इस फिल्म को बेवजह इतना ज्यादा प्रॉफिट मिला है। अगर किसी ने इस बारे में बात ही नहीं की होती तो स्वाभाविक रूप से यह फिल्म इतनी नहीं चलती और खत्म हो जाती। उन्होंने आगे कहा कि आज जिस तरह से देश में दंड मुक्ति का माहौल चल रहा है, ऐसे में तो कोई भी पूरी तरह से तथ्यात्मक रूप से गलत बातें कर सकता है और तो और उनकी सुरक्षा की जा रही है।
इसे भी पढ़ें- Fighter: 'पठान' से भी दमदार होंगे 'फाइटर' के एक्शन सीन, स्टंट डायरेक्टर ने किया बड़ा खुलासा
बीना पॉल ने कहा कि गलत प्रस्तुति के कारण फिल्म के ट्रेलर को बदलना पड़ा और किसी ने भी इस बारे में कोई बात नहीं की। उन्होंने कहा कि मुझे बहुत दुख है कि तथ्यात्मक रूप से गलत फिल्म सुर्खियों में आई और इसके अच्छा प्रदर्शन करने का कोई कारण नहीं था। बीना ने कहा कि मैंने फिल्म नहीं देखी है, लेकिन सुना है कि यह फिल्म तथ्यात्मक रूप से गलत है और इसका कोई सिनेमाई मूल्य नहीं है।
बीना ने चुटकी लेते हुए कहा कि द केरल स्टोरी शायद एक ऐसी कहानी है जो कि इस देश के कुछ लोगों की इच्छा को पूरा करती है। उन्होंने कहा कि केरल के लोगों पर गर्व महसूस होता है कि उन्होंने केरल स्टोरी को सिरे से खारिज कर दिया, यही वजह है कि फिल्म मलयालम में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है।
द केरल स्टोरी की कहानी की बात करें तो फिल्म डायरेक्टर सुदिप्तो सेन के निर्देशन में बनी 'द केरल स्टोरी' शालिनी, नीमा और गीतांजलि नाम की लड़कियों पर आधारित है, जो नर्स बनने का सपना लिए घर से दूर एक कॉलेज में आती हैं, जहां उनकी मुलाकात आसिफा से होती है। आसिफा एक फंडामेंटलिस्ट है और जैसे-जैसे फिल्म की कहानी आगे बढ़ती है, वैसे-वैसे यह पता चलता है कि वह आईएसआईएस के लिए लड़की भेजने का काम करती है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे आसिफा अपने साथियों की मदद से उन तीन लड़कियों का ब्रेनवॉश करके उन्हें अपना धर्म बदलने के लिए उकसाती है।