अपनी पहली ही फिल्म से ऑस्कर तक पहुंचने वाले, इंडस्ट्री को शाहरुख खान देने वाले और शम्मी कपूर से लेकर आमिर खान तक के साथ काम कर चुके मशहूर एक्टर, डायरेक्टर और फिल्म मेकर लेख टंडन अब हमारे बीच नहीं हैं।
शाहरुख को पहला ब्रेक देने वाले एक्टर-डायरेक्टर लेख टंडन नहीं रहे, पहली फिल्म ऑस्कर में
लेख टंडन ने रविवार शाम मुंबई के पवई स्थित अपने घर में आखिरी सांसें लीं। वह 88 साल के थे। फिल्म मेकर अशोक पंडित ने यह जानकारी दी।
At #LekhTandon ji's house at #Powai. Was not well from last 5 months & was bedridden. Breathed his last at 5.38 p.m. #RIP. pic.twitter.com/A1pxqmX566
— Ashoke Pandit (@ashokepandit) October 15, 2017
लेख टंडन ने 'आम्रपाली' से फिल्म निर्देशन की शुरुआत की थी। इस फिल्म में वैजयंती माला और सुनील दत्त लीड रोल में थे। अपनी पहली ही फिल्म से टंडन ऑस्कर तक पहुंच गए। 'आम्रपाली' बेस्ट फॉरेन फिल्म कैटेगरी के लिए 39वें एकैडमी अवॉर्ड में भारत की ओर से भेजी गई फिल्म थी।
फिल्म 'दुल्हन वही जो पिया मन भाए' के लिए लेख टंडन को साल 1978 में फिल्मफेयर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया जिसे उन्होंने व्रजेंद्र गौर और मधुसूदन कालेलकर के साथ शेयर किया।
लेख टंडन ने शाहरुख खान को पहला ब्रेक दिया। उनके निर्देशन में बने टीवी सीरियल 'दिल दरिया' से ही शाहरुख ने पर्दे पर एक्टिंग करियर की शुरुआत की। लेख टंडन कई फिल्मों में बतौर एक्टर भी काम कर चुके हैं। फिल्म 'स्वदेस', 'रंग दे बसंती', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'चौतरफा छोकरे' में उन्होंने अभिनय किया।
पढ़ें: कुंदन शाह को श्रद्धांजलि देते भावुक हुए शाहरुख, बोले-'मां की तरह प्यारे थे वो'