सुपरस्टार रजनीकांत और अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 2.0 की रिलीज की तैयारियों में व्यस्त हैं। दोनों अभिनेता अपनी इस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित भी हैं। फिल्म एक भारी भरकम बजट के साथ बनाई गई है। फिल्म को बनाने में 500 करोड़ रुपए की लागत लगी है।
फिल्म रिलीज से पहले ही 370 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। खबरों के अनुसार फिल्म ने सैटेलाइट राइट्स, डिजिटल राइट्स और डिस्ट्रीब्यूशन के जरिए यह कमाई की है। लाइका प्रोडक्शन ने फिल्म के सैटेलाइट राइट्स 120 करोड़ रुपए में बेचे हैं। फिल्म के डिजिटल राइट्स के सभी वर्जन 60 करोड़ रुपए में बिके हैं।
यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे मंहगी फिल्मों में से एक है। यह फिल्म साल 2010 में आई रजनीकांत की फिल्म रोबोट का अगला हिस्सा है। फिल्म रिलीज से पहले ही सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। मेकर्स को उम्मीद है कि फिल्म ओपनिंग डे पर तमिलनाडु के बॉक्स अॉफिस पर 85 करोड़ रुपए की कमाई कर सकती है।
फिल्म 2.0 को 6600 से 6800 स्क्रीन्स पर रिलीज किया जाएगा। आपको बता दें कि फिल्म बाहुबली को 6500 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया था। इस वजह से फिल्म 2.0 बाहुबली 2 से आगे निकल चुकी है। फिल्म 29 नवंबर को रिलीज होगी।
आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में भी फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स बेचे गए हैं। फिल्म निर्माता करण जौहर फिल्म का हिंदी वर्जन प्रोड्यूस करेंगे। इस फिल्म में बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और साउथ फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत मुख्य भूमिका में हैं। 2.0 को सेंसर बोर्ड ने ए सर्टिफिकेट दे कर पास कर दिया है। फिल्म में काफी कुछ बदलाव किए गए हैं।