तुषार कपूर के बाद उनकी बहन एकता कपूर भी सेरोगेसी के जरिए मां बन गई हैं। बीती 27 जनवरी को टीवी क्वीन के बेटे का जन्म हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी। एकता ने अपने बेटे का नाम अपने पिता जितेंद्र के असली नाम पर 'रवि कपूर' रखा है। शादी से पहले मां बनने पर अब एकता के पिता जीतेंद्र का बयान सामने आया है।
बेटी एकता के 43 साल की उम्र में सिंगल मदर बनने पर जीतेंद्र बोले-मैं अब चैन से मर सकूंगा
इस खुशी के मौके पर दिग्गज अभिनेता जीतेंद्र ने कहा, 'पहले मैं दादा था और अब मैं नाना भी बन गया। मेरा जीवन पूरा हो गया। मेरा पूरा परिवार बहुत खुश है। घरवालों को लगता है नए मेहमान रवि मेरी तरह दिखता है। अभी ये कहना मुश्किल है कि आगे वह किसकी तरह दिखेंगे। अब मेरे पास लक्ष्य और रवि हैं। मैं अब चैन से मर सकता हूं। मेरे दोनों बच्चों के भी बच्चे हो गए हैं।
वहीं एकता के भाई तुषार भी नन्हें मेहमान के आने से बहुत खुश हैं। तुषार ने इस मौके पर कहा, 'अपने घर मेरे भांजे के आने की खुशखबरी देते हुए मैं एक्साइटेड फील कर रहा हूं। बच्चा सरोगेसी के जरिए पिछले महीने ही जन्मा है। मेरी बहन एकता घर-परिवार से काफी जुड़ी हुई हैं। वह मेरे बेटे लक्ष्य की भी देखभाल बिलकुल एक मां की तरह ही करती हैं। भगवान रवि को शांति, खुशहाली और अच्छा स्वास्थ्य दे।'
मां बनने के बाद से तो एकता कपूर की खुशी का ठिकाना नहीं हैं। बीते दिनों उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, 'भगवान की कृपा से, मैंने अपने जीवन में कई सफलताओं को देखा है, लेकिन मेरे जीवन में इस खूबसूरत बच्चे के आने की भावना पूरी दुनिया से अलग है। मैं यह व्यक्त भी नहीं कर सकती कि मेरे बच्चे के जन्म ने मुझे कितना खुश किया है। जीवन में सब कुछ उस तरह से नहीं होता जैसा आप चाहते हैं, लेकिन उन अड़चनों का हमेशा समाधान होता है। । यह मेरे और मेरे परिवार के लिए एक भावनात्मक क्षण है और मैं एक मां होने के इस नए सफर की शुरुआत करने के लिए इंतजार नहीं कर सकती।'
A post shared by Ek❤️ (@ektaravikapoor) on
एकता के भाई तुषार कपूर भी सरोगेसी से सिंगल पैरेंट बने हैं। तुषार अक्सर अपने बेटे लक्ष्य की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं । एकता और तुषार ने सरोगेसी से सिंगल पैरेंट बनकर एक मिसाल कायम की है । इससे पहले भी बॉलीवुड के कई सितारों ने सरोगेसी के जरिए पैरेंट बनने की खुशी हासिल कर चुके हैं।