120 Bahadur: रेजांगला युद्ध की वर्षगांठ पर फरहान ने साझा किया 120 बहादुर का पोस्टर, सैनिकों को दी श्रद्धांजलि
अभिनेता फरहान अख्तर अपनी आगामी फिल्म '120 बहादुर' की तैयारियों में व्यस्त हैं। उन्होंने सितंबर में अपनी इस फिल्म को लेकर जानकारी साझा की थी। आज सोमवार को इस फिल्म के नए पोस्टर साझा कर अभिनेता ने भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी है।
विस्तार
दर्शक फरहान अख्तर से फिल्म 'डॉन 3' लेकर आने की मांग कर रहे हैं। वे 'जी ले जरा' का भी एलान कर ही चुके हैं और फिल्म 'मिर्जापुर 3' लाने की तैयारियों में जुट गए हैं। इन सभी फिल्मों से अलग फरहान फिलहाल जी-जान से अपनी एक और आगामी फिल्म में व्यस्त हैं। वह फिल्म है, '120 बहादुर'। आज रेजांगला युद्ध की 62वीं वर्षगांठ पर अभिनेता इस फिल्म की झलक साझा की है।
सैनिकों को दी श्रद्धांजलि
18 नवंबर 1962 को भारत व चीन के बीच हुए रेजांगला युद्ध को 62 वर्ष हो गए हैं। अभिनेता फरहान अख्तर ने इस युद्ध पर आधारित अपनी आगामी फिल्म से कुछ झलकियां साझा की हैं। इसके जरिए उन्होंने इस युद्ध के सैनिकों को श्रद्धांजलि दी है। इस फिल्म में अभिनता मेजर शैतान सिंह पीवीसी के किरदार में दिखाई देंगे।
फरहान का दिखा खूंखार अंदाज
फिल्म '120 बहादुर' का निर्देशन रजनीश रजी कर रहे हैं। आज अभिनेता ने फिल्म का जो पोस्टर साझा किया है, उसमें उनका खूंखार अंदाज देखने को मिल रहा है। पोस्टर पर लिखा है, 'वह तीन हजार थे और हम?'। इसके साथ कैप्शन लिखा है, '1962 के उस युद्ध को 62 साल हो चुके हैं। रेजांगला के वीरों के अद्वितीय साहस और बलिदान का हम सम्मान करते हैं। हमारी फिल्म '120 बहादुर' मेजर शैतान सिंह और उनके बहादुर जवानों की वीरता और अदम्य साहस को हमारी श्रद्धांजलि है, जो विषम परिस्थितियों में और बाधाओं के बावजूद अपनी जमीन पर डटे रहे। उनकी कहानी समय के साथ गूंजती है। वह कहानी जो हमें, हमें स्वतंत्रता की कीमत और एकता की ताकत की याद दिलाती है। अहीर समुदाय को विशेष सलाम, जिनके बेटों ने हमारे देश की रक्षा के लिए बहादुरी का परिचय दिया'।
अगले साल रिलीज होगी फिल्म
आज सामने आए पोस्टर में फरहान अख्तर हाथों में बंदूक थामे दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। फरहान अख्तर इस फिल्म के निर्माता भी हैं। वे रितेश सिधवानी और अमित चंद्रा के साथ मिलकर इस फिल्म को बना रहे हैं। यह फिल्म अगले साल यानी 2025 में रिलीज होगी। फिल्म लद्दाख में फिल्मायी जा रही है।
Bigg Boss 18: सलमान ने कसा 'बिग बॉस 18' के सेट पर अशनीर ग्रोवर के लिए तंज, कहा 'अपने शब्दों से सावधान रहना चाहिए'