फिल्म 'बागी 2' में एक एक ड्रग एडिक्ट का किरदार निभाने के बाद अब प्रतीक बब्बर डायरेक्टर अनुभव सिन्हा की आने वाली फिल्म 'मुल्क' में नजर आएंगे। इस फिल्म में उन्होंने एक और कठिन किरदार का चयन किया है। फिल्म 'मुल्क' में वह शाहिद मोहम्मद नाम के एक युवक का किरदार निभा रहे हैं। एक ऐसा युवक जो की रास्ते से भटक कर आतंकवाद से जुड़ जाता है। प्रतीक बब्बर से अमरउजाला.कॉम ने खास बातचीत की और इस फिल्म में उनके अनुभव के बारे में पूछा। प्रतीक ने बताचीत में कई और बड़े खुलासे भी किए।
प्रतीक ने बताया कि इस करेक्टर में अपने आप को ढालने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की है। कई तरह की चीजें उन्होंने अलग से सीखी हैं। वो एक ऐसे युवक का किरदार निभा रहे हैं जो गलत रास्ते पर चला जाता है। प्रतीक ने कहा कि एक युवक अपने दिमाग में काफी कुछ सोचता है। इस उम्र में वह एक ऐसा लक्ष्य पाना चाहता है जिसके लिए वह किसी भी रास्ते पर जाने को तैयार है। वह अपने पारिवारिक माहौल से खुश नहीं है। इसी के चलते वो कुछ गलत करने को तैयार हो जाता है और आतंकवादी बन जाता है।
जब प्रतीक से पूछा गया कि वह अपने इस रोल से कितना खुश हैं तो उन्होंने बताया कि इस तरह का किरदार उनमें एक अलग एनर्जी भरता है। उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला। उन्हें समझ में आया कि किस तरह एक इंसान किसी माहौल से खुश न होकर गलत रास्ते की तरफ चल देता है। प्रतीक ने बताया कि इससे पहले भी वह फिल्म 'बागी 2' में एक नेगेटिव किरदार निभा चुके हैं लेकिन उस किरदार के लिए उन्हें ज्यादा रिसर्च करने की जरूरत नहीं पड़ी थी। वह रोल शाहिद मोहम्मद के इस किरदार से काफी आसान था।
शाहिद मोहम्मद बनने के लिए उन्होंने कई चीजें पढ़ीं। उसे अपने जहन में उतारा। उसके करेक्टर को खड़ा किया। ऐसा करना काफी मुश्किल भरा था। प्रतीक ने बताया कि उन्हें नेगेटिव किरदार निभाना सबसे ज्यादा अच्छा लगता है। प्रतीक के अनुसार वह कोई हीरो नहीं है वह सिर्फ एक एक्टर हैं जो कोई भी रोल कर सकते हैं। उन्हें फिल्मों का हीरो बनने से ज्यादा नेगेटिव रोल करने में अच्छा लगता है। उनका कहना है कि आजकल की फिल्मों में नेगेटिव किरदारों को भी उतनी ही इज्जत दी जाती है जितना की हीरो को।
प्रतीक के अनुसार नेगेटिव किरदार करना भी एक बड़ी कला है जो सबके बस की बात नहीं होती। इसे करना एक बड़ी चुनौती होती है। हर कोई इस चैलेंज का सामना करने को तैयार नहीं होता लेकिन उन्हें ऐसा करने में बहुत मजा आता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही वह महेश मांझरेकर की एक फिल्म में नेगेटिव किरदार में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ विद्युत जामवाल और श्रुति हासन होंगी। जब उनसे पूछा गया कि नेगेटिव किरदारों के लिए फिल्म इंडस्ट्री में उनका रोल मॉडल कौन हैं तो उन्होंने कहा कि वह अपने पापा को अपना रोल मॉडल मानते हैं। उनके घर पर ही उनका मोटिवेशन मौजूद है। उनके पापा उन्हें एक्टिंग से जुड़े काफी टिप्स देते हैं।