सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को फांसी लगा कर आत्महत्या ली थी। उनकी मौत से सभी को गहरा सदमा लगा। कोई भी इस बात पर यकीन नहीं करना चाहता कि सुशांत अब इस दुनिया में नहीं हैं। सुशांत की मौत को एक महीना बीत चुका है लेकिन उन्हें याद करने वालों की कमी नहीं है।
सुशांत को याद कर भावुक हुईं एकता कपूर, लिखा- 'हमेशा तुमसे प्यार करती रहूंगी'
अंकिता लोखंडे, रिया चक्रवर्ती, कृति सेनन के बाद अब एकता कपूर ने भी सुशांत को याद किया है। एकता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर सुशांत के साथ तस्वीरों का एक वीडियो साझा किया है। तस्वीर के साथ एकता ने लिखा- 'भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे सुशी। हम हमेशा मुस्कराएंगे और जब भी आसमान में शूटिंग स्टार देखेंगे तो विश मांगेंगे क्योंकि मैं जानती हूं कि वो शूटिंग स्टार तुम हो। हमेशा तुमसे प्यार करती रहूंगी।'
A post shared by Erk❤️rek (@ektarkapoor) on
बता दें, एकता ने सुशांत को धारावाहिक 'किस देश में है मेरा दिल' से लॉन्च किया था। इसके बाद वो बालाजी के एक और कार्यक्रम 'पवित्र रिश्ता' में मानव देशमुख के तौर पर घर-घर पहचाने गए। इस शो ने सबका दिल जीत लिया था। इस सीरियल में उनके अपोजिट अंकिता लोखंडे नजर आईं थीं।
इससे पहले एकता कपूर ने सुशांत के मामले में खुद पर केस दर्ज होने पर एक पोस्ट लिखा था। जिसमें उन्होंने कहा था- 'सुशी को कास्ट न करने के लिए यह केस दर्ज करने के लिए धन्यवाद। जबकि वास्तव में मैंने ही उसे लॉन्च किया था। मैं इस बात से परेशान हूं कि विवादास्पद सिद्धांत कहां तक जा सकते हैं। कृपया परिवार और दोस्तों को शांति से शोक मनाने दें। सत्य की जीत होगी। लेकिन फिलहाल में इस पर भरोसा नहीं कर पा रही हूं।'
गौरतलब है कि पवित्र रिश्ता धारावाहिक साल 2009 में जीटीवी पर प्रसारित किया गया था। उस समय ये शो टीआरपी में टॉप पर रहता था। सीरियल में अर्चना और मानव की कहानी दिखाई गई थी।सुशांत सिंह राजपूत के आत्महत्या करने के मामले के बाद से बॉलीवुड में दो फाड़ नजर आ रहे हैं। बॉलीवुड का एक खेमा फिल्म इंडस्ट्री पर भाई-भतीजावाद करने का आरोप लगा रहा है। तो वहीं दूसरा खेमा इस समय मौन धारण किए हुए बैठा हुआ है।