बॉलीवुड सितारे फिल्मों में अपने किरदार को दमदार बनाने के लिए कई बार कड़ी मेहनत करते हैं। पहले के समय में जहां स्टार्स सिर्फ अच्छे अभिनय के दम पर फिल्में हिट करवा लेते तो वहीं अब दर्शकों को किरदारों में अभिनय के साथ-साथ विश्वसनीयता भी चाहिए। ऐसे में अपने किरदार को एकदम सटीक बनाने के लिए ये सितारे तलवारबाजी, स्विमिंग, हॉर्स राइडिंग जैसी कई स्किल अपनाते हैं। तो चलिए आपको बताते हैं कुछ ऐसे ही सितारों के बारे में जिन्होंने अपने किरदार में पूरी तरह ढलने के लिए की थी कड़ी ट्रेनिंग।
किसी ने सीखी तलवारबाजी तो कोई हो गया कमरे में कैद, किरदारों को विश्वसनीय बनाने के लिए इन सितारों ने लगा दी जान
दीपिका पादुकोण
बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका ने पर्दे पर वैरायटी के किरदार निभाए हैं। हालांकि फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' के लिए उन्हें कड़ी ट्रेनिंग से गुजरना पड़ा था। इस फिल्म में उन्होंने बाजीराव की दूसरी पत्नी मस्तानी और एक वीरांगना का किरदार निभाया था। अपने किरदार मस्तानी को तलवारबाजी में निपुण दिखाने के लिए दीपिका ने मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली थी। उनकी तलवारबाजी वाले सीन को शूट होने में कई दिन लगे थे हालांकि दर्शकों को उनका किरदार काफी पसंद आया था।
प्रियंका चोपड़ा
फिल्म 'बर्फी' में झिलमिल के किरदार में प्रियंका चोपड़ा को दर्शकों की जबरदस्त तारीफ मिली थी। साथ ही आलोचकों ने भी प्रियंका के अभिनय की तारीफ की थी। उन्होंने फिल्म में एक ऐसी लड़की का किरदार निभाया था जो ऑटिस्टिक रहती है। ऐसे में इस किरदार में ढलने के लिए प्रियंका कई ऑटिस्टिक लोगों से मिली थीं और उनके व्यवहार को समझा था।
आयुष्मान खुराना
आयुष्मान पर्दे पर लीक से हटकर फिल्में करने के लिए मशहूर हैं। वो जो भी किरदार करते हैं वो अपने आप में बेहद खास होते हैं। फिल्म 'अंधाधुन' में उन्होंने एक ऐसे पियानो वादक का किरदार निभाया था जो अंधे होने का नाटक करता है। उनका ये रोल दर्शकों को विश्वसनीय लगे इसलिए आयुष्मान कई नेत्रहीन स्कूल गए थे और नेत्रहीन लोगों से उन्होंने मुलाकात की थी।
वरुण धवन
वरुण फिल्मों अधिकतर हास्य किरदार ही निभाते नजर आते हैं। हालांकि उन्होंने फिल्म 'बदलापुर' से अपनी ये छवि तोड़ने की कोशिश की थी। इस फिल्म मे उन्होंने एक बेहद गंभीर शख्स का किरदार निभाया था जो अपने परिवार की मौत का बदला लेने के लिए किसी की भी जान ले लेता है। इतने गंभीर किरदार में खुद को ढालने के लिए वरुण ने खुद को सबसे अलग कर लिया था और एकांत में रहने लगे थे।। उन्होंने कई दिनों तक अपने परिवार और दोस्तों से बात नहीं की थी तब जाकर उनके किरदार में जबरदस्त गंभीरता देखने को मिली थी।