जिस वक्त पूरा देश महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर गुस्से से भरा हुआ है। उस माहौल में मुंबई के एक कार्यक्रम में एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी के जीवन पर आधारित फिल्म 'छपाक' का ट्रेलर लॉन्च किया गया। मेघना गुलजार निर्देशित इस फिल्म में दीपिका पादुकोण, मालती नामक लड़की का किरदार निभा रही है। यह किरदार पूरी तरह से लक्ष्मी पर आधारित है। करीब 2 मिनट 11 सेकेंड का यह इमोशनल ट्रेलर महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों और उससे जुड़े पक्षों की बात करता है। ट्रेलर लॉन्च के अवसर पर दीपिका पादुकोण, विक्रांत मैसी और मेघना गुलजार मौजूद रहे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ ही दीपिका पादुकोण भी अपने फिल्म के इस ट्रेलर को देख थोड़ी भावुक हो गईं।
Chhapaak: ट्रेलर लॉन्च में बात करते हुए रो पड़ीं दीपिका, कहा- 'बिल्कुल भी आसान नहीं होता..'
दरअसल मेघना गुलजार ने जैसे ही दीपिका पादुकोण को स्टेज पर आने के लिए आमंत्रित किया तब पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लेकिन जैसे ही दीपिका स्टेज पर पहुंची वह बेहद ही भावुक नजर आईं और अपने आंसू नहीं रोक पा रही थी। इस मौके पर दीपिका ने अपनी भावनाओं के व्यक्त करते हुए कहा, 'मैंने सिर्फ यही सोचा था कि बस इस इवेंट का हिस्सा बनना है और ट्रेलर लॉन्च होने के बाद आप सभी के सामने आना है। हालांकि आप लोगों के सामने क्या बोलना है यह नहीं सोचा था। यह बिल्कुल भी आसान नहीं होता है जब इस तरह की कहानी को आपको अपने अंदर बसानी होती है।'
दीपिका ने आगे कहा, 'हम जब भी कोई फिल्म करते हैं तो इसक एक हिस्सा हमारे अंदर जरूर छूट जाता है। मेघना जब पहली बार इस फिल्म की कहानी मुझे सुना रही थी तब मैंने शुरुआती भाग सुनते ही फिल्म के लिए हां कह दिया था। बिना पूरा नरेशन सुने ही मैं इस इस कहानी से पूरी तरह से प्रभावित हो चुकी थी। मेघना आपका बहुत-बहुत धन्यवाद की आपको लगा कि मैं इस किरदार के लिए काबिल रहूंगी। यह फिल्म मेरे करियर की सबसे खास फिल्म है। उम्मीद करती हूं कि जिस बदलाव की बात हम अपनी इस फिल्म में कर रहे हैं वह लोगों तक पहुंचे और उन्हें यह फिल्म पसंद आए। हमने काफी उत्तरदायित्व, प्यार और उम्मीदों के साथ इस फिल्म का निर्माण किया है।'
View this post on Instagram
A post shared by Viral Bhayani (@viralbhayani) on
दीपिका के बाद मेघना ने अपनी बात रखते हुए कहा, 'एक फिल्ममेकर के लिए यह एक बहुत ही नाजुक मौका होता है। क्योंकि सालों से हम एक कहानी अपने पास रखते हैं शिद्दत से काम करते हैं और फिर अपनी इस चीज को लोगों को सौंपते हैं। आज अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर फिल्म का ट्रेलर सामने आया है और इससे अच्छा दिन इसके लिए कोई और नहीं हो सकता था। इस फिल्म में हमारी यही कोशिश रही है कि समाज के अहम मुद्दे के बारे में बात की जाए।'
इसके आगे मेघना ने कहा, 'मैं खुशनसीब हूं कि मालती का चेहरा दीपिका पादुकोण बनी हैं। उन्होंने अपने अस्तित्व को छोड़ कर मालती का अस्तित्व अपनाया है। यह फिल्म उनके बगैर मुक्कम्मल नहीं हो सकती थी। एक मुश्किल काम अच्छे से तब होता है जब पूरी टीम अच्छी हो। मैं खुशनसीब हूं कि मुझे इस तरह की टीम का साथ मिला है।' गौरतलब है कि यह इस फिल्म में दीपिका अभिनेत्री के साथ ही निर्माता के तौर पर भी नजर आ रही हैं। 'छपाक' 10 जनवरी 2020 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।