फिल्म 'पद्मावत' की अपार सफलता ने एक बार फिर से साबित कर दिया कि दीपिका पादुकोण की शोहरत को रोकना नामुमकिन है। शाहरुख खान की शांतिप्रिया बनने से लेकर राजा रावल रतन सिंह की पद्मावती बनने तक के सफर ने दीपिका पादुकोण के नाम एक नया रिकॉर्ड दर्ज करवा दिया है।
11 साल के करियर में दीपिका ने इंडस्ट्री में ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है कि उनका नाम 1500 करोड़ कमाने वाली एक्टर्स की लिस्ट में शुमार हो चुका हैं। 'पद्मावत' की सफलता के बाद दीपिका बॉलीवुड की इकलौती ऐसी एक्ट्रेस हैं जिनकी तीन फिल्में 200 करोड़ के क्लब में शामिल हैं। इन फिल्मों में हाल ही में रिलीज फिल्म पद्मावत, हैप्पी न्यू ईयर और चेन्नई एक्सप्रेस है।
इसके साथ ही 7 ऐसी फिल्में हैं जिन्होंने 100 करोड़ की कमाई की है। ऐसे में दीपिका की सभी फिल्मों का कलेक्शन मिलाकर 1500 करोड़ हो जाता है।दिलचस्प बात यह है कि 1500 करोड़ कमाने वाली दीपिका ने न केवल बड़ी-बड़ी हीरोइनों बल्कि हीरो को भी बराबरी की टक्कर दी है। हालांकि 1500 करोड़ के आकड़े में तमाशा, लव आजकल, फाइंडिंग फैनी और देसी ब्वॉयज के कलेक्शन को नहीं जोड़ा गया है।
आपको बता दें, दीपिका जल्द ही विशाल भरद्वाज की फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाली हैं जो एक गैंगस्टर ड्रामा होगी। इस फिल्म में दीपिका इरफान खान के साथ नजर आएंगी। दीपिका की इरफान के साथ यह दूसरी फिल्म है इससे पहले यह दोनों 'पीकू' फिल्म में एक साथ दिखाई दिए थे।