सलमान खान के शो 'दस का दम' ने 9 साल बाद सोमवार को छोटे पर्दे पर वापसी की है। इससे पहले सलमान खान को एंटरटेनमेंट की रात होस्ट करते देखा गया था। 'दस का दम' शो के पहले एपिसोड को दर्शकों ने काफी पसंद किया है।
दस का दम शो में स्टेज पर मौजूद सलमान खान ने अपने कंटेस्टेंट से एक सवाल पूछा कि कितने प्रतिशत भारतीयों को जानवर ने दौड़ाया है। यह सवाल इतना फनी था कि लोगों ने पहले तो जमकर ठहाके लगाए, लेकिन बाद में जब कंटेस्टेंट ने यही सवाल सलमान खान से पूछा को वह काफी सोच में पड़ गए।
इस सवाल का जवाब देने से पहले वह कुछ देर हंसे और फिर जवाब देते हुए बोले कि 'दौड़ा ही रहा है यार'। जैसे ही सलमान ने ये जवाब दिया लोग ठहाके मार के हंसने लगे। लोग इसे काला हिरण मामले से जोड़कर देख रहे हैं।
दस का दम का ये तीसरा सीजन है। इसके पहले दो सीजन भी सलमान खान ने ही होस्ट किए थे और उनके साथ दोबारा छोटे पर्दे पर आने के लिए मेकर्स को करीब एक दशक का वक्त लग गया। दस का दम के इस सीजन का प्रसारण सोमवार से शुक्रवार को होगा। हालांकि पहले ये शो वीकेंड पर आता था। अमरीकी टीवी शो ' पॉवर 10 ' के तर्ज पर बने इस शो का पहला सीजन साल 2008 में आया था और एक साल बाद दूसरा सीजन भी।
काला हिरण शिकार मामले में बॉलीवुड स्टार सलमान खान को जोधपुर कोर्ट ने दोषी मानते हुए 5 साल की सजा सुनाई थीं। इसके बाद सलमान को सीधे जोधपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया था। जेल में दो दिन रहने के बाद सलमान को सेशन कोर्ट ने 50-50 हजार के दो निजी मुचलकों पर जमानत दी थी।