लंबे इंतजार के बाद आज यानी 20 जुलाई को श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर की डेब्यू फिल्म 'धड़क' रिलीज हो गई । फिल्म को मिले-जुले रिव्यू मिले हैं । क्रिटिक्स की मानें तो जाह्नवी और ईशान ने अच्छी एक्टिंग की है लेकिन कहानी में 'सैराट' जैसी बात नहीं । बता दें कि 'धड़क' मराठी फिल्म 'सैराट' का हिंदी रीमेक है ।
इस फिल्म के जरिए दर्शक जाह्नवी को उनकी मां श्रीदेवी से भी कंपेयर कर रहे हैं । जब जाह्नवी 'धड़क' की शूटिंग कर रही थीं, उसी समय श्रीदेवी का निधन हो गया था । लेकिन जाह्नवी इस मुश्किल समय में भी कमजोर नहीं पड़ीं । उन्होंने अपनी फिल्म की शूटिंग शिद्दत से पूरी की।
जाह्नवी के लिए 'धड़क' का सफर आसान नहीं था । श्रीदेवी अपनी बेटी की पहली फिल्म देखने के लिए काफी उत्साहित थीं लेकिन ऐसा नहीं हो पाया । 'धड़क' को तो लोगों का खूब प्यार मिल रहा है लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि श्रीदेवी की पहली बॉलीवुड फिल्म 'सोलवां सावन' बुरी तरह फ्लॉप रही थी ।
'धड़क' और 'सोलवां सावन' में एक कॉमन बात ये है कि दोनों ही रीजनल फिल्मों की रीमेक हैं । 'धड़क', मराठी फिल्म 'सैराट' की और 'सोलवां सावन' तमिल फिल्म 'पथिनारु वयथिनिल' की हिंदी रीमेक थी । यह फिल्म 1979 में रिलीज हुई थी । इससे पहले श्रीदेवी ने 1975 में फिल्म 'जूली' में चाइल्ड एक्ट्रेस का रोल निभाया था ।
'सोलवां सावन' के डायरेक्टर भारतीराजा ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, 'बॉलीवुड और दूसरी फिल्म इंडस्ट्री में कई एक्ट्रेस आती हैं और चली जाती हैं लेकिन उन्हें पहचान नहीं मिल पाती । लेकिन श्रीदेवी बिल्कुल अलग थीं । वो जिस फिल्म इंडस्ट्री में गईं उसी पर राज किया । आज मैं गर्व से ये कह सकता हूं कि मैंने श्रीदेवी को बॉलीवुड में लॉन्च किया था।'