Chunky Panday: अपने लिए महिला सेक्शन से कपड़ों की खरीदारी करते हैं चंकी पांडे, इसकी वजह का किया खुलासा
Chunky Panday: चंकी पांडे हाल ही में अपनी फैशन चॉइस पर बात करते नजर आए। उन्होंने बताया कि वे अपने लिए अक्सर वुमन सेक्शन से कपड़े खरीदते हैं। उन्होंने इसकी वजह भी बताई, जो काफी दिलचस्प है।
विस्तार
अभिनेता चंकी पांडे अपने मजाकिया अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वे परदे पर भी इस किस्म की भूमिकाएं बड़ी संजीदगी से अदा करते हैं। दिलचस्प बात ये है कि निजी जिंदगी में भी उनका व्यवहार कुछ ऐसा है। हाल ही में चंकी पांडे ने अपनी फैशन चॉइस को लेकर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे अपने लिए कपड़ों की खरीदारी अक्सर महिला सेक्शन से करते हैं।
घर में हो रही थीं बिटिया के स्वागत की तैयारी
चंकी पांडे ने हाल ही में खुलासा किया कि वे वुमन सेक्शन से कपड़े खरीदते हैं। इसकी वजह ये है कि उनकी मां ने बचपन में उन्हें बेटियों की तरह रखा। चंकी पांडे के मुताबिक बचपन में उनकी मां उन्हें लड़कियों की तरह कपड़े पहनाती थीं। इस बात ने उन पर असर किया। मैशेबल इंडिया के साथ इंटरव्यू के दौरान चंकी पांडे ने कहा कि जब उनका जन्म होने वाला था तो माता-पिता घर में बिटिया के स्वागत की तैयारी कर रहे थे।
मां ने बेबी गर्ल की तरह रखा
अभिनेता ने बताया, 'उनके माता-पिता चाहते थे कि बेटी का जन्म हो। उन्होंने तैयारियां भी उसी हिसाब से कर रखी थीं। वे बेटे के जन्म के लिए तैयार नहीं थे। मां ने पहले से ही लड़कियों के कपड़े खरीद रखे थे। लेकिन, घर में मेरा जन्म हुआ। ऐसे में पहले से खरीदे गए कपड़े ही मुझे पहनाए गए'। चंकी पांडे के मुताबिक बचनप की तस्वीरों में वे फ्रॉक पहने नजर आते हैं। फ्रॉक, बिंदी और छोटी-छोटी बालियां पहने वे ऐसे लगते हैं, जैसे कोई बेबी गर्ल हो। एक्टर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जन्म के करीब दो साल बाद वे लड़के की तरह नजर आए।
यह खबर भी पढ़ें:
David Edward: हैरी पॉटर का विजुअलाइजेशन करने वाले डेविड एडवर्ड का निधन, ब्रॉडवे समेत कई पोस्टर्स भी डिजाइन किए
बचपन की परवरिश का असर हुआ
चंकी पांडे ने कहा कि शुरुआती चार साल की परवरिश का असर हमेशा रहता है। और उनकी जिंदगी में भी यही वह वक्त था, जब उन्हें लड़कियों के कपड़ों से प्यार हो गया था। यह लगाव अभी भी कायम है और इसीलिए वे महिलाओं के सेक्शन से कपड़े खरीदते हैं। एक्टर ने कहा कि जब वे कपड़ों के दाम पूछते हैं तो दुकानदार अक्सर यह मान लेते हैं कि वे इसे किसी और के लिए खरीद रहे हैं, और कहते हैं, 'यह महिलाओं का है'। चंकी पांडे ने बताया कि उनके खरीदे कपड़ों को अक्सर बेटी अनन्या भी इस्तेमाल करती हैं। कई बार तो वे उन कपड़ों को खुद ही रख लेती हैं और लौटती तक नहीं।
यह खबर भी पढ़ें:
Khushi Kapoor: अपने लुक में बदलाव पर खुशी कपूर ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मेरा बहुत मजाक उड़ाया गया और फिर...