कन्नड़ फिल्मों के अभिनेता चिरंजीवी सर्जा का निधन 7 जून को हो गया था। बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में चिरंजीवी ने अंतिम सांस ली थी। चिरंजीवी के निधन की खबर से सभी गमगीन थे। सभी ने उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं अब उनके निधन के करीब 10 दिन बाद उनकी पत्नी मेघना राज ने उन्हें याद करते हुए एक इमोशनल पोस्ट साझा किया है।
दिवंगत अभिनेता चिरंजीवी सर्जा की पत्नी मेघना राज ने किया इमोशनल पोस्ट, लिखा- 'जब तक मैं जिंदा रहूंगी तुम भी मेरे साथ रहोगे'
चिरंजीवी सर्जा की पत्नी मेघना राज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए एक पोस्ट साझा किया है। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने चिरंजीवी को खोने का पूरा दर्द बयां किया है। मेघना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए एक तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर के साथ मेघना ने लिखा, 'चिरु, मैंने कई बार कोशिश की लेकिन मुझे वह बताने के लिए शब्द नहीं मिल रहे हैं जो मैं कहना चाहती हूं।'
आगे मेघना लिखती हैं, 'इस दुनिया के कोई भी शब्द नहीं बयान कर सकते कि तुम मेरे लिए क्या मायने रखते थे। मेरे दोस्त, मेरे प्रेमी, मेरे पार्टनर, मेरे बच्चे, मेरे राजदार, मेरे पति- आप इन सबसे भी ज्यादा हैं। चिरु तुम मेरी आत्मा का ही एक हिस्सा हो। मैं जब भी दरवाजे की तरफ देखती हूं तो मुझे याद आता है कि आप अंदर आते समय कहते थे 'मैं आ गया', मेरी आत्मा दर्द से कराह उठती है। रोजाना और हर पल मैं तुम्हें छू नहीं पाती तो मेरा दिल डूबने लगता है। हजारों मौतों की तरह, धीमा और दर्दभरा।'
A post shared by Meghana Raj Sarja (@megsraj) on
मेघना ने आगे लिखा, 'लेकिन तभी किसी जादू की तरह मैं तुम्हें अपने आसपास महसूस करती हूं। जब भी मैं कमजोर महसूस करती हूं तो तुम एक देवदूत की तरह मेरे आसपास आ जाते हो। तुम मुझसे अथाह प्यार करते हो इसलिए मुझे अकेला नहीं छोड़ सकते, छोड़ सकते हो? हमारा बच्चा हमारे प्यार की निशानी है। इस प्यारे से करिश्मे के लिए मैं हमेशा तुम्हारी आभारी रहूंगी। मैं अपने बच्चे के तौर पर तुम्हें फिर से दुनिया में लाने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती।'
'पूरे कमरे को गुंजायमान करने वाली तुम्हारी हंसी का और इंतजार नहीं कर सकती। मैं दूसरे छोर पर तुम्हारे लिए इंतजार करूंगी और तुम मेरे लिए इंतजार करना। जब तक मैं जिंदा रहूंगी तुम भी मेरे साथ रहोगे। तुम मेरे अंदर हो। आई लव यू।' गौरतलब है कि चिरंजीवी सर्जा की पत्नी मेघना दो महीने प्रेग्नेंट हैं। चिरंजीवी की मौत के बाद से मेघना सदमे में थी। अब 10 दिन बाद उन्होंने अपने मन की बात लिखी है।
पढ़ें: ऐश्वर्या से लेकर प्रियंका संग सुशांत की अनदेखी तस्वीरें, मस्ती करने में भी पीछे नहीं रहते थे अभिनेता