हिंदुस्तान में हॉलीवुड सिनेमा की हंगामा जारी है। इस शुक्रवार रिलीज हुई एक और हॉलीवुड फिल्म ने हिंदी सिनेमा की छुट्टी कर दी। निर्देशक डेविड लीच की फिल्म हॉब्स एंड शॉ ने भारत में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्मों के मामले में बंपर ओपनिंग ली है। फिल्म की रिलीज का असर ये रहा कि पिछले हफ्ते रिलीज हुई कंगना रनौत की फिल्म जजमेंटल है क्या की कमाई आठवें दिन एक करोड़ भी नहीं हो सकी। यही हाल इस शुक्रवार रिलीज हुई हिंदी फिल्म खानदानी शफाखाना का हुआ है।
2 of 4
फास्ट एंड फ्यूरियस: हॉब्स और शॉ
- फोटो : सोशल मीडिया
ड्वेन जॉनसन और जैसन स्टैथम स्टारर फिल्म हॉब्स एंड शॉ ने भारत के सभी वितरण क्षेत्रों को मिलाकर शुक्रवार को ओपनिंग डे पर ही 10 करोड़ 86 लाख रुपये की कमाई कर डाली। फिल्म ने सबसे ज्यादा कमाई मुंबई वितरण क्षेत्र (महाराष्ट्र और गुजरात) में की और यहां इसने पहले दिन दो करोड़ 30 लाख रुपये कमाए। दूसरे नंबर पर दिल्ली यूपी वितरण क्षेत्र (दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड) रहा, जहां इस फिल्म ने एक करोड़ 65 लाख रुपये की कमाई की।
3 of 4
Khandaani Shafakhana
- फोटो : social media
सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म खानदानी शफाखाना ने आश्चर्यजनक रूप से मुंबई वितरण क्षेत्र से ज्यादा रिलीज के पहले दिन दिल्ली यूपी में कमाई की। फिल्म लोगों को पसंद आ रही है लेकिन फिल्म का विषय अब भी लोगों को परिवार के साथ यह फिल्म देखने आने से रोक रहा है। फिल्म को विकी डोनर जैसी चर्चा तो मिली है लेकिन फिल्म के कलाकारों सोनाक्षी सिन्हा और बादशाह की फैन फॉलोइंग ज्यादा न होने से फिल्म पहले दिन सिर्फ 65 लाख रुपये की ही ओपनिंग ले सकी।
4 of 4
Judgementall Hai Kya
- फोटो : social media
पहले लॉयन किंग और अब हॉब्स एंड शॉ की तरफ युवाओं का रुझान होने का सबसे ज्यादा नुकसान कंगना रनौत की फिल्म जजमेंटल है क्या को हुआ है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना आकर्षण पहले हफ्ते में ही खो चुकी थी, दूसरे हफ्ते के पहले दिन फिल्म की कमाई एक करोड़ रुपये से भी नीचे आ गई। फिल्म ने बीते शुक्रवार को सिर्फ 76 लाख रुपये की कमाई की। फिल्म ने पहले हफ्ते में 27 करोड़ 66 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया।