बॉलीवुड की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी का नम आंखों से मुंबई के विले पार्ले में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इसके साथ गार्ड ऑफ ऑर्नर दिया गया। दिवंगत एक्ट्रेस को मुखाग्नि उनके पति बोनी कपूर ने दी।
श्रीदेवी के अंतिम संस्कार की रस्मों के लिए तमिलनाडु से पंडित बुलाए गए थे। अंतिम संस्कार की सारी रस्मों को बोनी कपूर ने ही निभाया। इस मुश्किल पल में उनके साथ पूरा कपूर खानदान मौजूद था। अंतिम संस्कार से पहले सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में करीब तीन घंटे तक श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को लोगों के दर्शन के लिए रखा गया था। इसके बाद अंतिम यात्रा शुरू हुई जो कि श्मशान भूमि जाकर खत्म हुई।
श्मशान भूमि के बाहर सैकड़ों की संख्या में फैंस मौजूद थे लेकिन किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई। फैंस की भीड़ की वजह से शव वाहन को श्मशान भूमि पहुंचने में काफी वक्त लगा। श्मशान भूूमि में बॉलीवुड के कई बड़े सेलिब्रिटी पहुंचे थे जिसमें अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सुनील शेट्टी के अलावा और भी दिग्गज शामिल हैं।