श्रीदेवी के साथ अपने फिल्मी करियर में 18 फिल्में कर चुके एक्टर जितेंद्र को भी श्रीदेवी के अचानक अलविदा कहने पर बड़ा दुख है। उन्होंने श्रीदेवी को लेकर बड़ी-बड़ी बाते साझा की है। आइए जानते हैं आखिर क्या कहा जितेंद्र ने...
सुपरहिट फिल्म 'तोहफा' में श्रीदेवी के साथ काम कर चुके जितेंद्र ने बताया कि उनको श्रीदेवी की मौत की खबर हजम नहीं हो रही है। क्योंकि उनका कहना है कि वे कुछ दिन पहले ही श्रीदेवी और उनके पति बोनी कपूर से मिले थे। उस दौरान दोनों काफी खुश थे और हंसी मजाक भी कर रहे थे। लेकिन कुछ दिन बाद ही श्रीदेवी की मौत की खबर सुनकर पैर कांप गए हैं...
श्रीदेवी के साथ बिताए पलों को याद करते हुए जितेंद्र ने बताया कि 'यहां एक नहीं कई किस्से हैं और कई तो मैं भूल भी गया हूं, मैं 76 साल का हूं और भूलने की बिमारी भी लग चुकी है, लेकिन मैं श्रीदेवी की दृढ़ता और मजबूर इरादों को नहीं भूला हूं।' जितेंद्र ने कहा कि श्रीदेवी ने तमिल और तेलुगू सिनेमा में फतेह हासिल की और इसके बाद उनकी कामयाबी का सिक्का बॉलीवुड में भी बरकरार रहा।
जितेंद्र ने आगे बताया कि श्रीदेवी की पहली हिंदी फिल्म 'सोलहवा सावन' थी जो फ्लॉप हो गई थी। इसके बाद उन्हें पांच साल तक कोई ऑफर नहीं आया। लेकिन श्रीदेवी को जितेंद्र के साथ फिल्म "हिम्मतवाला' में काम करने का मौका मिला। बता दें कि हिम्मतवाला तेलुगू फिल्म का रीमेक थी जिसमें जया प्रदा मुख्य भूमिका में थी। लेकिन हिंदी रीमेक के लिए श्रीदेवी को रोल ऑफर हुआ।
जितेंद्र ने बताया कि उनके लिए यह घड़ी काफी मुश्किल भरी थी क्योंकि जया प्रदा उस वक्त बड़ी स्टार बन चुकी थीं और उनको ये बताना कि उन्हें फिल्म के हिंदी रीमेक में नहीं लिया जा रहा है। इसके बाद फिल्म के डायरेक्टर और जितेंद्र ने जया के घर जाकर जया को बताया कि उनकी जगह क्यों श्रीदेवी को रोल दिया जा रहा है। दोनों की बात सुनने के बाद जया ने आखिर में उनकी बात मान ही ली।