अश्लील कॉमेडी शो एआईबी में अभद्रता व फूहड़ टिप्पणी करने के मामले में आरोपी फिल्म अभिनेता रणबीर सिंह व अर्जुन कपूर को भी बांबे हाईकोर्ट से कोई राहत नहीं मिली। सिंह व कपूर ने इस कथित अश्लील कॉमेडी शो मामले में पुणे व मुंबई में दर्ज आपराधिक मामले को रद्द करने की मांग को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।
मंगलवार को न्यायमूर्ति आरएम सावंत व न्यायमूर्ति सारंग कोतवाल की खंडपीठ के सामने इस याचिका पर सुनवाई हुई। खंडपीठ ने पाया कि इसको लेकर अदालत में एक जनहित याचिका प्रलंबित है। इसके अलावा कई याचिकाएं भी दायर हुई हैं। खंडपीठ ने कहा कि हम जनहित याचिका पर सुनवाई कर सकते हैं कि नहीं इस पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश से उचित निर्देश लिया जाए। इसके बाद ही हम मामले की सुनवाई करेंगे। इन दोनों के खिलाफ पुलिस ने समन जारी किया है।
इस तरह से राहत पाने की आस लगाए सिंह व कपूर को हाईकोर्ट से कोई राहत नहीं मिली। याचिका में सिंह व कपूर ने गुहार लगाई है कि इस मामले के अन्य आरोपी को राहत दी गई है। उसी तर्ज पर उन्हें भी राहत दी जाए। रणवीर सिंह का कहना है कि उनके खिलाफ गलत इरादे से शिकायत की गई है और पुलिस ने भी मामले को गलत तरीके से समझा है।
जब एआईबी का प्रसारण किया गया था उस समय ही साफ किया गया था कि एआईबी वयस्कों के लिए है। इस संबंध में अस्वीकरण भी जारी किया गया था। इस मामले को लेकर किसी दर्शक ने शिकायत नहीं की है। इसलिए उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को रद्द किया जाय।
बता दें कि 20 दिसंबर 2015 को रणवीर, अर्जुन, करन जौहर, दीपिका पादुकोण व एआईबी के अन्य सदस्यों ने वरली में एक चैरिटी कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक व्यवहार किया था। उसके बाद तीन अलग अलग याचिकाओं के माध्यम से सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।