पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के पूर्व मीडिया सलाहकार संजय बारू की किताब एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर पर बनी फिल्म देशभर में रिलीज हो गई है। इस फिल्म का ट्रेलर आने के साथ ही इससे कई विवाद जुड़ गए थे। राजनीतिक गलियारों में इस फिल्म को लेकर कई तरह की बातें बन रही थीं। फिल्म रिलीज होते ही बॉलीवुड सेलिब्रेटीज की प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं।
फिल्म देखने के बाद बॉलीवुड के कई नामचीन हस्तियों नें अनुपम खेर की तारीफ की है। फिल्म को लेकर अनुपम खेर के भाई और एक्टर-डायरेक्टर राजू खेर का कहना है कि फिल्म को बेहद शानदार तरीके से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा है कि अनुपम पर मुझे गर्व है। आप शानदार भाई हैं। लव यू एंड ऑल द बेस्ट
बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर ने फिल्म देखने के बाद ट्वीट किया है। अनिल ने लिखा है कि अनुपम खेर जैसा कि आप सभी किरदारों के साथ करते हैं। आपने इस किरदार के साथ भी पूरा न्याय किया है। आप सच में एक बहुत ही महान स्टोरी टेलर हैं।
बॉलीवुड जगत के निर्माता-निर्देशक सुभाष घई ने भी फिल्म को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि सिनेमा के इतिहास में पहली बार इतना बेहतरीन पॉलिटिकल ड्रामा देखा ...अनुपम खेर और अक्षय खन्ना ने उम्दा अदाकारी की है। फिल्म की पूरी टीम को बधाई ...जिन्होंने यूनिक सिनेमैटिक एक्सप्रेशन के साथ इतनी बढ़िया फिल्म बनाई।
वहीं फिल्म मेकर शेखर कपूर का कहना है कि फिल्म में अनुपम खेर ने जो किरदार निभाया है। उसे करने के लिए कड़ी मेहनत और स्किल्स की जरूरत है।