अब एक बार फिर से डरने के लिए तैयार हो जाएं। दरअसल बॉलीवुड के फेवरेट हॉरर जॉनर की फिल्म 5 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही है। प्रमोशन के लिए दिल्ली पहुंची फिल्म की स्टार कास्ट ने दावा किया कि 'लुप्त' बॉलीवुड की सबसे डरावनी फिल्म होगी। फिल्म की कहानी में एक परिवार सुपरनेचुरल शक्तियों का सामना करता नजर आएगा। जानिए, किस आधार पर किए गए हैं ऐसे दावे?
फिल्म प्रमोशन के दौरान जावेद जाफरी, विजय राज, करण आनंद, मीनाक्षी दीक्षित, ऋषभ चड्ढा और फिल्म के निर्देशक प्रभुराज मौजूद रहे। निर्देशक प्रभुराज ने बताया कि फिल्म की कहानी सच्ची घटना पर आधारित है। प्रभु का कहना है कि उनके एक मित्र ने उन्हें अपने जीवन का एक किस्सा सुनाया था जो एक सच्ची घटना थी। उसी समय उन्होंने सोच लिया था कि वह इस किस्से को फिल्म के जरिए लोगों तक पहुंचाएंगे।
निर्देशक प्रभुराज ने बताया कि वह खुद इन चीजों में विश्वास रखते हैं सुपरनेचुरल पावर दुनिया में है और इंसानों से कहीं ज्यादा ताकतवर है। ज्यादातर फिल्मों में लोगों को अपनी कॉमेडी से हंसाने वाले बॉलीवुड अभिनेता विजय राज ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि अगर कोई भी अभिनेता सिर्फ एक जॉनर के लिए काम करता है, तो वह सिमट कर रह जाता है, इसलिए वह हर तरह के रोल को निभाने का प्रयास करते हैं।
विजय का कहना है फिल्म की कहानी एक ऐसी शक्तियों के बारे में हैं जिन्हें कुछ लोग ही देख और महसूस कर सकते हैं। विजय ने आगे बताया कि इन शक्तियों पर कैसे जीत हासिल की जाए वह आपको इस फिल्म को देखने के बाद ही पता चल जाएगा। बॉलीवुड अभिनेता जावेद जाफरी फिल्म में एक अहम किरदार निभा रहे हैं। जावेद का कहना है कि फिल्म की कहानी एक परिवार के आसपास घूमती है, जोकि बेहद डरावनी शक्तियों का सामना करते हैं।
जावेद के मुताबिक लुप्त फिल्म सूपरनेचुरल पावर के अस्तित्व के बारे में हमारे विश्वास की कड़ी परीक्षा लेती है। जावेद का कहना है कि हमारे कर्म कभी हमारा पीछा नहीं छोड़ते। वो हमें वापस मिलते हैं और फिल्म में यही दिखाया गया है। जावेद का कहना है कि फिल्म फैमिली के लिए बनाई गई है, जब आप फिल्म देखेंगे तो आप उस परिवार से जुड़ेंगे। फिल्म में डर के साथ-साथ भावनाओं और पारिवारिक तालमेल भी है जो दर्शकों को काफी पसंद आएगा।