प्यार, इश्क, मोहब्बत एक एहसास के न जानें कितने नाम है। यह एक ऐसा एहसास है, जिससे हर परिस्थिति में इंसान को सुकून पहुंचता है। जब आपको प्यार का एहसास होता है तो दिल में अजीब सी हलचल होती है। प्यार में डूबे इंसान के लिए इस दुनिया में अगर कुछ हसीन होता है तो वह है सिर्फ उसका महबूब। इसकी कैफियत ही ऐसी है जो हर किसी को दीवाना बना देती है। जब प्यार की ताकत आपके साथ है तो जमाने की परवाह फिर किसे होती है। ऐसे बहुत लोग हैं जिन्होंने जमाने को दरकिनार करते हुए अपने प्यार को पाने के लिए जमीं-आसमां एक कर दिया। फिल्मी दुनिया में भी ऐसे कई सितारे हैं, जिन्होंने जाति-धर्म से परे होकर महबूब को अपना बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आज उनके प्यार के किस्से हर किसी की जुबां पर रहते हैं। बॉलीवुड के बादशाह कहे जाने वाले शाहरुख खान भी उन्हीं में से एक हैं। उन्होंने अपने हमसफर के लिए हर वह कदम उठाया, जो उन्हें एक-दूसरे का होने के लिए करना चाहिए था। गौरी को अपनी जिंदगी में लाने के लिए शाहरुख को खूब पापड़ बेलने पड़े। आज हम आपको शाहरुख और गौरी की लव स्टोरी बताएंगे।
Love Story: रोमांस के किंग शाहरुख की लव स्टोरी पता है? पहली ही नजर में इस लड़की को दे बैठे थे दिल
शाहरुख खान और गौरी खान की जोड़ी अगर बॉलीवुड इंडस्ट्री में सबसे सफल जोड़ी कहा जाए तो इसमें कुछ गलत नहीं होगा। शाहरुख ने गौरी से उस समय शादी की थी जब वे बॉलीवुड इंडस्ट्री में नए आए थे और यहां अपने पांव जमाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। दोनों की शादी को तीन दशक से ज्यादा का समय गुजर चुका है, इस दौरान वक्त बदला, जज्बात बदला लेकिन दोनों का प्यार नहीं बदला। दोनों आज भी एक दूसरे से उतना ही प्यार करते हैं, जितना पहले करते थे। शाहरुख कई मौकों पर ये बात मान चुके हैं कि उनकी सफलता के पीछे गौरी का ही हाथ है।
पहली नजर में ही गौरी के प्यार में पड़े शाहरुख
शाहरुख की फिल्म ओम शांति ओम का एक डायलॉग है कि अगर किसी चीज को पूरी शिद्दत के साथ चाहो तो पूरी कायनात आपको उससे मिलाने की कोशिश में लग जाती है। यही बात शाहरुख के निजी जीवन में भी लागू होती है। गौरी को अपना बनाने के लिए शाहरुख ने पूरी शिद्दत से कोशिश की थी। जब शाहरुख खान गौरी के प्यार में पड़े थे तो उनकी उम्र 18 साल थी और गौरी की उम्र 14 साल थी। दिनों की लव स्टोरी जानने के लिए हमें पीछे जाना पड़ेगा। बात 1984 की है जब दिल्ली के पंचशील नगर के एक क्लब में पार्टी चल रही थी। जिसमें शाहरुख की नजर गौरी पर पड़ी। जिसके बाद वो उन्हें बस देखते ही रह गए, गौरी को देखते ही पहली नजर में शाहरुख को प्यार हो गया। पार्टी में गौरी किसी लड़के के साथ डांस कर रही थीं। लेकिन अपने शर्मीले मिजाज के चलते शाहरुख गौरी से बात करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए, लेकिन शाहरुख ने हार नहीं मानी और अपने प्यार को पाने की कोशिश में लग गए। उसके बाद जिस पार्टी में भी गौरी के आने की उम्मीद होती तो शाहरुख वहां पहुंच जाते। तीसरी मुलाकात में शाहरुख गौरी का फोन नंबर पाने में सफल हुए।
शाहरुख ने गौरी से फोन पर बात करने का निकाला यह तरीका
जिसके बाद शाहरुख अपने प्यार की गाड़ी पटरी पर लाने की और कोशिश करने लगे। फोन पर बात करने का एक तरीका भी शाहरुख ने निकाला था। वह अपनी किसी दोस्त से गौरी के घर फोन करवाते थे। गौरी के परिवार में जो भी फोन उठाता तो शाहरुख की दोस्त उसे अपना नाम शाहीन बताती थीं। शाहीन नाम को वह एक तरह से कोडवर्ड के रूप में इस्तेमाल करते थे, जिसे सुनने के बाद गौरी समझ जातीं कि शाहरुख ने फोन कराया है। इससे गौरी के घर में किसी को शक भी नहीं होता, जिसके बाद दोनों काफी देर तक बातें करते थे।
जब शाहरुख ने गौरी को किया प्रपोज
जिसके बाद दोनों एक दूसरे के करीब आने लगे। साथ में समय बिताना उन्हें अच्छा लगने लगा। उन्होंने लॉन्ग ड्राइव पर भी जाना शुरू कर दिया। कहा जाता है कि शाहरुख ने गौरी को जब प्रपोज किया था तो गौरी बिना जवाब दिए वहां से चली गई थीं। मुश्ताक शेख द्वारा लिखी अपनी बायोग्राफी में शाहरुख ने इस बात का जिक्र किया था। उन्होंने बताया कि एक बार मैंने जब गौरी को उनके घर छोड़ा। गौरी जब गाड़ी से उतर रही थीं तो मैंने कहा कि मैं उनसे शादी करना चाहता हूं। इतना सुनने के बाद गौरी बिना कुछ कहे वहां से चली गईं।
यह भी पढ़ें: सारा ने फिल्म 'मर्डर मूवी' का पहला शेड्यूल किया पूरा, निर्देशक ने फोटो शेयर कर कही यह बात