मनोरंजन की दुनिया से जुड़ी चर्चित हस्तियों ने रविवार को भाजपा मुख्यालय में जमा हो कर पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। 'सेलिब्रिटीज विद मोदी' कार्यक्रम के तहत पार्टी मुख्यालय में जमा हुई चर्चित हस्तियों ने पीएम मोदी को वक्त की जरूरत बताते हुए कहा कि बतौर पीएम मोदी को एक और मौका दिये जाने की जरूरत है। इस दौरान उपस्थित विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मनोरंजन जगत से जुड़ी हस्तियों को भारत का सांस्कृतिक राजदूत बताया।
रविवार को हुए सेलिब्रिटीज विद मोदी कार्यक्रम में मनोरंजन जगत से जुड़ी चर्चित हस्तियों में शामिल बोनी कपूर, जया प्रदा, पूनम ढिल्लों, सपना चौधरी, पहलवान खली, मनोज जोशी, मालिनी अवस्थी, बाबुल सुप्रियो, गजेंद्र चौहान ने शिरकत की। इस दौरान सुषमा स्वराज ने कहा कि मनोरंजन की दुनिया से जुड़ी ये हस्तियां भारत के सांस्कृतिक राजदूत हैं। इन हस्तियों ने दुनिया भर में भारत की संस्कृति का प्रचार प्रसार किया है। उन्होंने इन हस्तियों की ओर से मिले समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान पार्टी के संगठन महासचिव रामलाल, महासचिव अरुण सिंह भी उपस्थित थे।
इस दौरान सपना चौधरी ने कहा कि भले ही वह चुनाव नहीं लड़ रहीं, मगर भाजपा के उम्मीदवार चाहेंगे तो किसी भी जगह वह प्रचार के लिए तैयार हैं। पूनम ने कहा कि पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने इस तरह के कार्यक्रम के जरिए मनोरंजन की दुनिया के लोगों से सीधा संवाद किया है।
इस कार्यक्रम में मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी भी पहुंचीं। बता दें कि बीते दिनों सपना के कांग्रेस में शामिल होने की खबर चली थी लेकिन हाल ही में डांसर दिल्ली में सासंद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी संग प्रचार करती नजर आई थीं।
खली ने भी भाजपा को समर्थन देने और समर्थन में प्रचार करने की घोषणा की। गौरतलब है कि मनोरंजन जगत की कई हस्तियां मसलन हेमा मालिनी, जयाप्रदा, बाबुल सुप्रियो, सन्नी देओल, हंसराज हंस, मनोज तिवारी, निरहुआ, रवि किशन भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि यह पहला मौका है जब आधे से अधिक चुनाव बीत जाने के बावजूद मनोरंजन क्षेत्र की चर्चित हस्तियों ने एक जगह जमा हो कर पीएम मोदी का समर्थन किया है।