दिवंगत अभिनेता राज कुमार के छोटे बेटे ने बॉलीवुड में धमाकेदार डेब्यू किया है। उनके गीत को 3 दिन में 13 लाख लोग देख चुके हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में...
दिवंगत अभिनेता राज कुमार के छोटे बेटे पाणिनि पंडित ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये संगीत और फिल्म प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रख दिया है। इसके साथ ही उन्होंने ‘पापा प्लेज’ नाम से डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया।
पाणिनि ने इस प्लेटफॉर्म के लिए गीत ‘कहूं मैं या कहूं ना’ को निर्देशित किया है जिसे बृहस्पतिवार को सोशल साइट्स यूट्यूब पर लॉन्च किया गया। इसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों के भीतर इस गीत को 13 लाख बार देखा जा चुका है।
पाणिनि ने बताया कि इसके साथ हम मनोरंजन की दुनिया में प्रवेश कर रहे हैं जिसका मूल संगीत होगा। वीडियो में अभिनेत्री नताशा सिंह भी नजर आ रही हैं। गीत को अजय गर्ग ने लिखा और रूपेश वर्मा ने कंपोज किया है।
बॉलीवुड के एक शानदार अभिनेता राजकुमार ने 'हमराज', 'हीर-रांझा', 'पाकीज़ा' और लाल पत्थर जैसी कई सुपरहिट फिल्में और यादगार किरदार दिए। उनकी एक्टिंग स्टाइल और उनके डॉयलाग पर थियेटर में सीटी और ताली बज उठती थीं। उनका पसंदीदा शब्द 'जानी' था। इस महानायक ने 3 जुलाई 1996 को महज 69 साल में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था।