बॉलीवुड में कुछ एक्ट्रेस रही हैं जिन्होंने अपने अभिनय के दम पर ऊंचा मुकाम हासिल किया है और आज वे फिल्म जगत में टॉप पर हैं। इस बीच कुछ ऐसी भी हीरोइन रही हैं जिन्होंने तीनों खान के साथ फिल्म कर मिसाल कायम की है। आइए जानते हैं इनके बारे में...
2008 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' से करने वाली अनुष्का शर्मा भी तीनों खान को अपने इशारों पर नचा चुकी हैं। शाहरुख के साथ वह फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' के अलावा फिल्म 'जब तक है जान, जब हैरी मेट सेजल में काम कर चुकी हैं। इसके साथ ही वह अभी सलमान और आमिर के साथ एक-एक फिल्म में नजर आई हैं। आमिर के साथ उन्होंने फिल्म 'पीके' की थी और सलमान के साथ फिल्म 'सुल्तान' में नजर आई थीं।
फिल्म इंडस्ट्री में मोटी फीस वसूलने वाली एक्ट्रेस कटरीना कैफ टॉप पर चल रही हैं। लेकिन इस दौरान वह भी आमिर, शाहरुख और सलमान खान के साथ काम कर चुकी हैं। फिल्म 'धूम 3' में पहली बार कटरीना को आमिर खान के साथ देखा गया। वहीं, शाहरुख ने कटरीना के साथ फिल्म 'जब तक है जान' की थी। ऐसे में सलमान के साथ कटरीना ने फिल्म 'मैंने प्यार क्यों किया, एक था टाइगर, टाइगर जिंदा है जैसी फिल्मों में काम किया।
एक्ट्रेस प्रीति जिंटा का बॉलीवुड करियर कुछ खास नहीं रहा लेकिन अपने छोटे से फिल्मी करियर में वह तीनों खान के साथ काम कर गईं। बता दें कि उन्होंने फिल्म 'दिल से' और 'कल हो ना हो' में शाहरुख के साथ काम किया। वहीं, आमिर के साथ उन्होंने फिल्म 'दिल चाहता है' की थी। बात करें सलमान खान की तो वह उनके साथ फिल्म 'चोरी चोरी चुपके-चुपके' और 'हर दिल जो प्यार करेगा' में देखी गई थीं।
फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' से पॉपुलर होने वाली एक्ट्रेस करीना कपूर भी इस लिस्ट में शामिल हैं। उन्होंने शाहरुख के साथ अशोका, रा-वन, डॉन जैसी फिल्मों में काम किया। वहीं आमिर खान के साथ ब्लॉक बस्टर फिल्म 'थ्री इडियट्स' में नजर आईं। सलमान खान की बात करें तो फिल्म बॉडीगार्ड और बजरंगी भाईजान में करीना ने काम किया।