बॉबी देओल के भाई सनी देओल का हाल ही में जन्मदिन था । बॉबी ने सनी के बचपन की तस्वीर शेयर कर उन्हें बधाई दी । इन दिनों बॉबी अपनी अगली फिल्म के प्रमोशन में बिजी हैं । हाल ही में बॉबी ने एक इंटरव्यू में बेटे आर्यमन और धरम के बॉलीवुड में कदम रखने के बारे में बताया ।
इस पर बॉबी ने कहा, 'फिल्मी दुनिया में आना मेरे बेटों की मर्जी पर निर्भर होगा। मैंने आर्यमान और धरम को कभी किसी भी चीज को लेकर फोर्स नहीं किया है। हालांकि हर बाप का सपना होता है कि उनके बच्चे उनके पदचिन्हों पर चलें लेकिन अगर वो कुछ और चुनते हैं, तो भी मैं खुश हूं।'
'मेरे पिता ने मुझपर कुछ नहीं थोपा और मैं भी अपने बच्चों के साथ ऐसा ही करूंगा। बॉलीवुड में आने का फैसला मेरा खुद का था। मैं चाहता हूं कि मेरे बच्चे भी अपने बारे में खुद सोचें। अगर वो बिजनेस करना चाहते हैं, तो भी मैं खुश हूं।' बॉबी देओल ने ये भी कहा कि मौजूदा समय में स्टार किड्स को भी सफल होने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है।
वो कहते हैं, 'मैं बच्चों के साथ नरम रहता हूं लेकिन मेरी पत्नी सख्त मिजाज की हैं । मैं अपने बच्चों को सलाह जरूर देता हूं ।' इस दौरान बॉबी ने यह भी कहा कि अगर वह रेस 3 फिल्म में नहीं होते, तो उन्हें हाउसफुल 4 भी नहीं मिलती। यहां उन्होंने सलमान खान का जिक्र भी किया ।
बॉबी ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में सलमान जैसा शख्स नहीं देखा है। वो बहुत अच्छे इंसान हैं । बता दें कि सलमान ने ही बॉबी को चार साल के ब्रेक के बाद 'रेस 3' में कास्ट किया था । लंबे समय तक फिल्में ना मिलने पर बॉबी काफी हताश हो गए थे । ये बात उन्होंने कई इंटरव्यू में कबूली थी ।
20 अक्टूबर 2019