जोधपुर सेशन कोर्ट से जमानत मिलने के बाद सलमान खान के प्रशंसकों में खुशी का माहौल है। सलमान ने घर पहुंचते ही बालकनी से अपने फैंस का अभिवादन किया। उन्होंने हाथ हिलाकर उनका आभार व्यक्त किया। सलमान के स्वागत के लिए हजारों की तादाद में फैंस उनके घर के बाहर घंटों खडे़ रहे। जिसके बाद सलमान ने अपने फैंस से इशारे में कहा कि अब घर जाइए और आराम कीजिए लेकिन इस मुसीबत के वक्त सलमान एक शख्स के सबसे ज्यादा एहसानमंद रहेंगे जो कई तकलीफों के बावजूद हमेशा उनके साथ खड़ा रहा।
जी हां, यह शख्स कोई और नहीं बल्कि उनके साथ साये की तरह रहने वाला उनका बॉडीगार्ड शेरा है। गुरुवार को कोर्ट में सुनवाई के दौरान सलमान के साथ उनकी दोनों बहनें अलवीरा और अर्पिता भी कोर्ट पहुंची थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान के बॉडीगार्ड शेरा जैसे ही अंदर घुसे तो उन्हें बाहर जाने के लिए कह दिया गया। इसके बावजूद शेरा सुनवाई के दौरान बाहर ही डटे रहे।
सलमान खान ने गुरुवार और शुक्रवार की रात जेल में गुजारी। सलमान खान के साथ इस मुश्किल घड़ी में उनके परिवार के लोग और बॉलीवुड के उनके करीबी दोस्त खड़े रहे लेकिन जोधपुर जेल जाने के बाद उनके पर्सनल बॉडीगार्ड शेरा जेल के बाहर ही मौजूद थे। शेरा दोनों दिन अपने 'भाईजान' से मिलने भी पहुंचे। गुरुवार की रात को सलमान ने जेल में खाना नहीं खाया। सुबह जेल में शेरा उनके लिए नाश्ता लेकर पहुंचे लेकिन जेल प्रशासन ने उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी।
शनिवार को जब केस की सुनवाई हो रही थी तो कोर्ट रूम खचाखच भरा हुआ था। इस दौरान भी शेरा वहां मौजूद रहे। सलमान की बहन अलवीरा काफी परेशान दिख रही थीं। कोर्ट रूम में आते ही उन्होंने शेरा से पूछा, क्या होगा? तो जवाब में शेरा ने कहा कि भगवान का नाम लो, अच्छा ही होगा। इसके बाद तो जैसे शेरा की बात सच ही हो गई और उन्हें जमानत मिल गई।
सलमान की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान बहन से संबंधित ऐसी खबर सामने आई जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। सलमान खान की दोनों बहनें अलवीरा और अर्पिता सलमान के दिल के काफी करीब हैं। कोर्ट रूम में पहुंचते ही अलवीरा इतनी इमोशनल हो गई थीं कि बुरी तरह से रोने लगीं और देखते ही देखते वह बेहोश हो गईं। तभी शेरा ने अलवीरा को सहारा देकर कोर्ट रूम से बाहर निकाला।