बॉलीवुड के साथ साथ साउथ फिल्म इंडस्ट्री में धूम मचा चुकी एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया को जी अप्सरा अवॉर्डस में श्रीदेवी पुरस्कार जीतने के बाद अब जल्द ही दादा साहेब फाल्के एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान 'बाहुबली' फिल्म में अच्छा अभिनय करने के लिए दिया जा रहा है।
'बाहुबली' एक्ट्रेस के नाम से मशहूर तमन्ना ने एक बयान में कहा कि मैं भारतीय सिनेमा में दादा साहेब फाल्के की विशाल भागीदारी के बारे में जान कर बड़ी हुई हूं। फाउंडेशन से पुरस्कार मिलना सम्मान की बात है। बता दें कि फिलहाल तमन्ना तेलुगू फिल्म 'ना नूवे' ( Naa Nuvve) में काम कर रही हैं जो बॉलीवुड फिल्म 'क्वीन' की रीमेक है।
तमन्ना भाटिया से पहले बॉलीवुड के 'खिलजी' यानी रणवीर सिंह और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा को भी 'दादा साहेब फाल्के एक्सीलेंस अवॉर्ड' से नवाजे जाने का ऐलान किया जा चुका है। यह अवॉर्ड मुंबई स्थित दादासाहेब फाल्के फाउंडेशन द्वारा 21 अप्रैल को दिया जाएगा। बता दें कि अनुष्का को यह अवॉर्ड फिल्म 'एनएच 10' में सफल निर्माता के तौर काम करने के लिए दिया जाएगा।
वहीं रणवीर को यह सम्मान उनकी फिल्म 'पद्मावत' में 'खिलजी' के किरदार के लिए दिया जाएगा। फिल्म में उनके किरदार को आलोचकों और दर्शकों ने खूब पसंद किया था। खास बात यह है कि रणवीर के किरदार की सभी ने तारीफ ही नहीं की है, बल्कि 'पद्मावत' उनकी पहली ऐसी फिल्म है जो 300 करोड़ के क्लब में शामिल हुई है। 'पद्मावत' में अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए रणवीर को बेस्ट ऐक्टर के तौर पर मिलने वाला यह उनका तीसरा अवॉर्ड होगा।