बॉलीवुड में हर साल कई फिल्में बनती हैं। कुछ फ्लॉप होती हैं तो कुछ हिट तो कुछ सुपर-डुपर हिट। लेकिन हर फिल्म किसी न किसी मायने में उन अभिनेता और अभिनेत्रियों के लिए खास होती हैं जिन्होंने उसमें काम किया हो। ऐसी ही एक फिल्म थी परिणीति चोपड़ा और आयुष्मान खुराना स्टारर मेरी प्यारी बिंदु। इस फिल्म को रिलीज हुए तीन साल पूरे हो गए हैं। फिल्म के तीन साल पूरे होने पर परिणीति और आयुष्मान दोनों ने फिल्म की शूटिंग के दिनों को याद किया है। तो वहीं परिणीति ने भी बताया है कि वो फिल्म में अपने द्वारा गाया हुआ गाना ही नहीं सुन सकतीं।
'मेरी प्यारी बिंदु' को हुए तीन साल पूरे, परिणीति बोलीं- 'नहीं सुन सकती अपना गाया हुआ गाना'
आयुष्मान खुराना और परिणीति चोपड़ा स्टारर ये फिल्म 12 मई 2017 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने खासी कमाई तो नहीं की थी लेकिन फिर भी कई लोगों के दिलो में घर कर गई थी। इस फिल्म का गाना 'माना के हम यार नहीं' बहुत मशहूर हुआ था। यहां तक कि आज भी इस गाने को खूब पसंद किया जाता है। इस गाने को फिल्म में मुख्य किरदार निभाने वाली अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने खुद गाया था। लेकिन फिर भी वो आज तक इस गाने को सुन नहीं सकती। परिणीति ने खुद ये बात अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताई है।
परिणीति ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए फिल्म से जुड़ी कुछ तस्वीरें और बीटीएस(बिहाइंड द सीन) वीडियो साझा किए हैं। इन तस्वीरों और वीडियोज को साझा करते हुए परिणीति ने लिखा है, 'तीन साल हो गए हैं लेकिन इस फिल्म का क्लाइमैक्स आज भी मेरा दिल धड़का देता है। मैं अपना खुद का गाना ही नहीं सुन सकती 'माना के हम यार नहीं' जब भी सुनती हूं तो अजीब सा महसूस करती हूं, प्यार में नर्वस जैसा कुछ। अगर आपका भी कभी दिल टूटा है तो ये फिल्म आपके लिए है। मेरी प्यारी बिंदु को उतना प्यार तो नहीं मिला लेकिन ये फिल्म स्पेशल है।'
A post shared by Parineeti Chopra (@parineetichopra) on
सिर्फ परिणीति ही नहीं बल्कि आयुष्मान ने भी इस फिल्म के तीन साल पूरे होने पर इसे याद करते हुए तस्वीरें साझा की हैं। आयुष्मान ने इन तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा है, 'अभिमन्यु बुब्ला रॉय बिलकुल मेरी तरह था। उसे पुराने गानों का शौक था, बेहतरीन राइटर और नॉस्टेलिया में खोया रहने वाला। बॉक्स ऑफिस ने इस फिल्म को प्यार नहीं दिया लेकिन ये फिल्म हमेशा बहुत स्पेशल रहेगी। यह फोटो 2016 की गर्मियों में सेंट जेवियर कॉलेज में ली गई थी। इसके अगले दिन बैसाखी थी और मुझे कोलकाता से प्यार हो गया। प्यार के लिए धन्यवाद।'
A post shared by Ayushmann Khurrana (@ayushmannk) on
गौरतलब है कि फिल्म 'मेरी प्यारी बिंदु' 12 मई 2017 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म में परिणीति चोपड़ा और आयुष्मान खुराना ने मुख्य किरदार निभाया था। फिल्म का निर्देशन अक्षय रॉय ने किया था। फिल्म कोलकाता की पृष्ठभूमि पर बनी थी। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास सफलता नहीं मिली थी लेकिन आयुष्मान और परिणीति के फैंस को फिल्म काफी पसंद आई थी।
पढ़ें: लॉकडाउन में घर बैठे उपन्यास लिख रही हैं अश्विनी अय्यर तिवारी, इस बायोपिक पर भी चल रहा है काम