बिग बॉस के एक्स कंटेस्टेंट और एक्टर अरमान कोहली पर उनकी गर्लफ्रेंड नीरू रंधावा ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। खबर है कि अरमान ने गुस्से में आकर अपनी गर्लफ्रेंड नीरू रंधावा को इतना पीटा कि वो बुरी तरह घायल हो गईं और उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। इसके बाद नीरू ने अरमान पर पुलिस केस दर्ज करवाया। वहीं सूत्रों की मानें तो नीरू रंधावा को पीटने के बाद अरमान कोहली फरार हो गए हैं। थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक नीरू और अरमान पिछले तीन साल से रिलेशनशिप में थे और वह दोनों सांताक्रूज में एक फ्लैट में लिव इन में रहते थे। आइए आपको बताते हैं कौन है अरमान कोहली की गर्लफ्रेंड नीरू रंधावा...
मुंबई की रहने वाली नीरू रंधावा एक इंडियन फैशन स्टाइलिस्ट हैं। उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया है। इसके बाद उन्होंने मुंबई से ही एक फैशन स्टाइलिस्ट के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। एक स्टाइलिस्ट के तौर पर उन्होंने टीवी सीरीयल 'नव्या' और 'देश की बेटी नंदिनी' में काम किया है। उन्होंने लैक्मे फैशन वीक 2010 और 2011 में भी हिस्सा लिया था।
अरमान और नीरू की मुलाकात 'बिग बॉस 7' के सेट पर हुई थी। अरमान इस शो के कंटेस्टेंट थे और वहीं नीरू शो की स्टाइलिस्ट थीं। दोनों साल 2015 से ही एक दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों लिव इन में रह रहे थे लेकिन अरमान कोहली के गुस्से ने एक बार फिर उन्हें मुश्किल में डाल दिया। अरमान पर आईपीसी की धारा 326 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। अगर अरमान पर लगे आरोप साबित हो जाते हैं तो उन्हें सात साल की सजा हो सकती है।
नीरू ने बॉम्बे टाइम्स को बात करते हुए बताया, 'यह झगड़ा पैसों की वजह से हुआ। पहले उसने मुझे गालियां देना शुरू कर दिया, फिर उसने मेरे बाल पकड़कर जमीन पर दे मारा। मैं उससे हॉस्पिटल जाने की भीख मांगने लगी। उसने मुझसे वादा करवाया कि मैं पुलिस को कुछ नहीं बताऊंगी।'
नीरू ने आगे बताया, 'अरमान ने पहली बार मुझे फरवरी में पीटा था और मेरी नाक तोड़ दी थी। यह रिलेशन मेरी सबसे बड़ी गलती थी। मैं उसे छोड़कर दुबई चली गई थी और वहां शांति से जॉब कर रही थी। तीन महीने बाद अरमान फिर से घर आया और कहने लगा कि मुझे तुम्हारी जरूरत है, मैं बदल गया हूं। इसके बाद मैं सबकुछ छोड़ इंडिया में शिफ्ट हो गई थी।'