बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। लेकिन इस बार अर्जुन को अपनी एक पोस्ट की वजह से जमकर ट्रोलिंग का शिकार होना पड़ रहा है। दरअसल, अर्जुन ने गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक बच्चे के इलाज के लिए दान करने का आग्रह किया है जिसपर सोशल मीडिया यूजर्स उन्हें खूब ट्रोल कर रहे हैं।
डोनेशन मांगने पर ट्रोलिंग का जवाब देते हुए सामने आए अर्जुन कपूर, बोले - मैं इतना कमाता तो मदद नहीं मांगता
अर्जुन ने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया है जिसमें उन्होंने एक बच्चे के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी है। अर्जुन की इस पोस्ट के बाद से यूजर्स उन्हें खूब खरी-खोटी सुना रहे हैं कि इतने पैसे तो वो खुद भी दे सकते हैं। इसपर अर्जुन ने भी मुंह तोड़ जवाब दिया है।
अर्जुन ने बच्चे की तस्वीर साझा कर कैप्शन में लिखा कि ‘आप सभी से अनुरोध है कि इस छोटे बच्चे के लिए जितना हो सके मदद करिए।‘ साथ ही उन्होंने डोनेशन लिंक की भी जानकारी दी है। वहीं इसी पोस्ट के बाद से उन्हें खूब ट्रोल किया जा रहा है।
एक यूजर ने लिखा, ‘आपकी एक दिन की आय उसकी जिंदगी बचा सकती है। इसके जवाब में अर्जुन लिखते हैं ‘असल में मैं 16 करोड़ एक दिन में कमा रहा होता तो निश्चित रूप से मुझे इस पोस्ट को करने की जरूरत ही नहीं थी। लेकिन 16 करोड़ का खर्च मैं नहीं उठा सकता। मैं जितनी मदद कर सकता था मैंने अपने हिस्से का कर दिया और इस पोस्ट को आगे के लिए बढ़ा दिया। ऐसी बातों की जगह मदद करना अच्छा होगा।
बता दें कि हाल ही में अजय देवगन ने भी इस बच्चे के लिए मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने लिखा था, '#SaveAyaanshGupta वह स्पाइनल मस्कुलर अट्रोफी से पीड़ित है और उसे दुनिया की सबसे महंगी दवा की आवश्यकता है। उसके इलाज में लगभग 16 करोड़ रुपये का खर्चा होगा। आपका डोनेशन उनकी मदद कर सकता है। कमेंट बॉक्स में डोनेशन लिंक शेयर कर रहा हूं। ' वहीं बात अर्जुन के वर्कफ्रंट की करें तो वो जल्द ही आने वाली फिल्म भूत पुलिस में नजर आएंगे।