टीवी सीरियल
'इश्कबाज' के सुपरवाइजिंग प्रोड्यूसर संजय बैरंगी की मौत से
टीवी इंडस्ट्री में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि बैरंगी ने आत्महत्या की है। खबर है कि मलाड वेस्ट के जनकल्याण नगर में सिलिकॉन पार्क की एक इमारत की 16वीं मंजिल से कूदकर उन्होंने आत्महत्या की। उनकी मौत के बाद पुलिस को उनके पास एक सुसाइड नोट भी मिला। बैरेंगी के अलावा और भी ऐसे प्रोड्यूसर हैं, जिन्होंने किसी कारणवश आत्महत्या कर ली। हम आपको बताते हैं किस-किस सेलिब्रेटी ने की है आत्महत्या...
मार्क सेलिंग
बीती जनवरी को हॉलीवुड अभिनेता मार्क सेलिंग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह 35 वर्ष के थे। मार्क दिसंबर 2017 में चाइल्ड पोर्नोग्राफी में दोषी पाए गए था। इस साल मार्च में उन्हें सजा होने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने अपने घर पर फांसी लगा कर जान दे दी।
बी अशोक कुमार
बीते साल नवंबर में चर्चित तमिल निर्माता-निर्देशक बी अशोक कुमार ने अपने घर पर आत्महत्या कर ली। उन्होंने सुसाइड से पहले अपने रिश्तेदार निर्देशक शशिकुमार के नाम दो पन्नों का सुसाइड नोट लिखा था। नोट के आधार पर निर्देशक शशिकुमार ने अशोक की हत्या के लिए एक फाइनेंसर अनबू चेजियायन को दोषी ठहराया है, जिसने उन्हें सुसाइड करने के लिए मजबूर किया।
म्यूजिशियन करण जोसेफ
बंगलुरु के रहने वाले चर्चित म्यूजिशियन करण जोसेफ ने मुंबई में सुसाइड की। 29 साल के जोसेफ ने अपने दोस्ते के फ्लैट जोकि 12वीं मंजिल पर मौजूद है, वहां से कूदकर जान दे दी। करण के एक दोस्त ने पुलिस से पूछताछ में बताया है कि करण ने आत्महत्या करने से पहले अपने कई दोस्तों को मैसेज किए थे। उन्होंने लिखा था कि वह मुसीबत में हैं। कोई उन्हें मार रहा है।
शमशाद अहमद शेख
बीते साल नवंबर में भोजपुरी सिनेमा के शोमैन कहे जाने वाले मशहूर फिल्म डायरेक्टर-प्रोड्यूजर शमशाद अहमद शेख ने तथाकथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। गौरतलब है कि शमशाद अहमद की 15 दिनों बाद फिल्म 'स्वर्ग' रिलीज होने वाली है। माना जा रहा है कि पैसों की तंगी के कारण उन्होंने खुदकुशी की।