एमटीवी के मशहूर शो 'ट्रोल पुलिस' में इस बार फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप ने अपनी बात रखी और ट्रोर्ल्स को सीधा जवाब दिया। अपनी बात को मजबूती के साथ लोगों के सामने रखने वाले अनुराग ने यहां भी अपने विचारों को बेबाक तरीके से सभी के सामने रखा। अनुराग कश्यप के तकरीबन हर ट्वीट को सोशल मीडिया पर लोग बुरा भला कहते हैं। हालांकि वह एक हुत बिजी इंसान हैं तो इस तरह के लोगों को जवाब देने के लिए उनके पास ज्यादा समय नहीं होता। ट्रोल पुलिस शो में अनुराग ने इस तरह के ट्वीट करने वाले और भद्दी बातें कहने वाले ट्रोर्ल्स को जमकर जवाब दिया।
'गैंग्स ऑफ वासेपुर', 'ब्लैक फ्राइडे', 'नो स्मोकिंग', 'रमन राघव' और 'मुक्काबाज' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके अनुराग ने इस शो में अपनी बात रखते हुए ट्रोर्ल्स को 4 हिस्सों में बांटा- ग्रामर में गलतियां निकालने वाले, उन्हें लड़कीबाज समझने वाले, फ्रीडम ऑफ स्पीच की बात करने वाले और काउंसलर्स। अनुराग ने बताया कि कुछ लोग उनकी ग्रामर में गलतियां निकालते हैं। एक तो 280 अक्षरों में अपनी बात कह पाना इतना मुश्किल है। ऐसे में बात सुनने की बजाए कोई आदमी अगर स्पेलिंग मिस्टेक्स देखता है तो ऐसे लोगों को मैं सलाम करता हूं।
अनुराग ने बताया कि उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी लोग टिप्पणियां करते हैं। उन्होंने कहा- 'मैं बड़े दिल वाला हूं, मेरी हो गईं दो शादी क्या करूं, मेरी गलती तो है नहीं इसमें। अब तुम्हें गर्लफ्रेंड नहीं मिल रही है तो मुझे बता दो मैं हेल्प कर देता हूं।'
अनुराग ने इस शो में यह भी बताया कि कुछ ऐसे भी लोग हैं जो उनसे बेहतर समझते हैं कि उन्हें जिंदगी में क्या करना चाहिए। ऐसे लोग उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार यह समझाते रहते हैं कि उन्हें किस तरह की चीजें करनी चाहिए जिससे उनका करियर और ज्यादा बेहतर हो।
अनुराग ने उन लोगों को भी घेरने का प्रयास किया जो कि फ्रीडम ऑफ स्पीच की बात कहकर उल्टा उन्हें घेरने की कोशिश करते रहते हैं। अनुराग ने ऐसे लोगों को जवाब देते हुए कहा- 'यदि आपने आर्टिकल 19ए पढ़ा है तो आपको मालूम होा कि मेरा मेरे प्रधानमंत्री के सामने अपनी बात रखना फ्रीडम ऑफ स्पीच है…आपका मुझे गालियां देना फ्रीडम ऑफ स्पीच नहीं है।'