बॉलीवुड को 'गदर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले अनिल शर्मा अब अपने बेटे उत्कर्ष को लॉन्च करने जा रहे हैं । उत्कर्ष की पहली फिल्म का नाम 'जीनियस' है जिसका पहला ट्रेलर लॉन्च हो चुका है । आज फिल्म का दूसरा ट्रेलर रिलीज किया गया।
पहले ट्रेलर के बाद मेकर्स ने कुछ गाने भी रिलीज किए थे। अब दूसरे ट्रेलर में उत्कर्ष, नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ एक्शन सीन देते नजर आ रहे हैं । फिल्म में लंबे समय बाद मिथुन चक्रवर्ती भी नजर आएंगे । ट्रेलर में भी उनकी एक झलक देखने को मिली ।
फिल्म के दूसरे ट्रेलर को “जीनियस बनाम जीनियस” के नाम से रिलीज किया है । फिल्म में दो जीनियस के बीच भिड़ंत दिखाई जाएगी । अनिल शर्मा जिस तरह की फिल्मों के लिए मशहूर रहे हैं, ‘जीनियस’ उसी जायके की फिल्म है।
इसमें दर्शकों को भरपूर इमोशन, जबरदस्त एक्शन, मासूम इश्क और खूंखार खलनायक देखने को मिलेगा। इस फिल्म से इशिता चौहान भी डेब्यू करने जा रही हैं । अनिल शर्मा ने बताया था, ‘जीनियस’ के लिए एक ऐसे चेहरे की तलाश थी, जो स्क्रीन पर कभी न देखा गया हो और उसमें मासूमियत हो। कई ऑडिशन के बाद इशिता को फिल्म में साइन किया गया।
बता दें कि उत्कर्ष ने सनी देओल की फिल्म 'गदर' उनके बेटे जीते का रोल निभाया था । इस फिल्म में सनी देओल और अमीषा पटेल की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। वहीं फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी । फिल्म को अनिल शर्मा ने डायरेक्ट किया था ।