IIFA 2022: आईफा में अभिषेक संग थिरकीं ऐश्वर्या और आराध्या, बेटे की तारीफ करने वालों को बिग बी ने कहा शुक्रिया
दरअसल, आईफा के मेन इवेंट में अभिषेक बच्चन डांस करते नजर आ रहे हैं। इसी बीच वह स्टेज से नीचे उतर आते हैं और ऑडियंस के बीच बैठीं अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन और बेटी आराध्या के साथ थिरकने लगते हैं। दोनों भी खुद को रोक नहीं पाती और सीट पर बैठे हुए अभिषेक के साथ जमकर डांस करती हैं। बच्चन परिवार को एक साथ थिरकते हुए देख वहां मौजूद सभी लोग भी खूब तालियां बजाते हैं।
इस वीडियो को आईफा के इंस्टाग्राम पेज पर अपलोड किया गया है। अभिषेक, ऐश्वर्या और आराध्या को एक साथ एंजॉय करते देख फैंस भी काफी खुश हैं और इस वीडियो पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल भी होने लगा है। एक फैन ने लिखा, 'ये तीनों परफेक्ट फैमिली गोल दे रहे हैं', तो दूसरे ने लिखा, 'जिस तरह से ऐश्वर्या की वाइब अभिषेक के साथ मिलती हैं वो बहुत ही बढ़िया है।'
आईफा में बेटे अभिषेक की परफॉर्मेंस के बाद अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक फोटो शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लोगों की ओर से अभिषेक की तारीफ में भेजे गए मैसेज पोस्ट कर उनका शुक्रिया अदा किया। कैप्शन में उन्होंने सबके कमेंट लिखे थे, जिनमें एक कमेंट था, 'अमित जी...अभिषेक ने आईफा में धमाल मचा दिया, आपका आशीर्वाद उन्हें दूसरे स्तर पर ले जाएगा।' वहीं, दूसरा कमेंट था, 'कल रात आईफा में अभिषेक का प्रदर्शन देखा। वह बहुत बढ़िया थे। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन।' इसके जवाब में उन्होंने लिखा, 'आपके स्नेहपूर्ण शब्दों के लिए सभी को मेरा अत्यधिक आभार और प्यार।'