अमिताभ बच्चन कई सालों से हर रविवार को अपने फैंस से मिलते आ रहे हैं। अमिताभ के घर 'जलसा' के बाहर हजारों फैंस की भीड़ उनकी एक झलक पाने के लिए इकट्ठा होती है। इस रविवार भी जब बिग बी फैंस से मिले तो कुछ ऐसा हुआ जिसे देख आपको भी इस मेगास्टार पर गर्व होगा।
25 मार्च यानी रविवार को फिर वही नजारा देखने को मिला। लेकिन इस बार हजारों की भीड़ में बिग बी का एक ऐसा फैन मौजूद था जो पैरों से चल नहीं सकता था। जब बिग बी की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड से कहा कि उस शख्स को अंदर लेकर आओ।
अमिताभ बच्चन उस शख्स से मिले और उसकी बात सुनी। इसके बाद बिग बी ने उस लड़के के बारे में बात करते हुए एक ब्लॉग भी लिखा। अमिताभ ने लिखा, 'हर बार की तरह यह रविवार भी स्पेशल था। इस बार कुछ ज्यादा ही खास था। भीड़ के बीच मेरा एक स्पेशली एबल्ड फैन था। मैंने उसे अंदर बुलाया।'
'उसके चेहरे की खुशी देखने लायक थी। मैंने उससे पूछा कि क्या चाहिए। तो उसने टीशर्ट की ओर इशारा किया। मैंने अपनी कई टीशर्ट उसे दे दी। उसके हाथ बहुत सख्त थे। क्योंकि वो चलने के लिए अपने हाथों का प्रयोग करता है। मैंने उसे वापस घर भिजवाने की भी व्यवस्था की।'
'मेरी टीम ने मुझे बताया कि उसके पास कोई घर नहीं है। वह फुटपाथ पर रहता है।' बिग बी ने इस लड़के के लिए पूरी हमदर्दी जताई और अपने ब्लॉग पर कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। बता दें कि इन दिनों अमिताभ बच्चन अपकमिंग फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' की शूटिंग में बिजी हैं।