अमीषा पटेल पर एक बार फिर धोखाधड़ी का आरोप लगा है । इसके चलते उन्हें कानूनी नोटिस भी भेजा गया है । अमीषा का बॉलीवुड करियर अच्छा नहीं चल रहा है । इस बीच ये दूसरी बार है जब अमीषा पैसों की धोखाधड़ी के मामले में फंस गई हैं । रांची के एक फिल्म मेकर ने अमीषा पर 2.5 करोड़ रुपए वापस ना करने का आरोप लगाया है ।
रांची के रहने वाले मेकर अजय कुमार ने अमीषा और उनके पार्टनर कुणाल के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का केस दर्ज कराया है । मुंबई मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, अमीषा और कुणाल ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'देसी मैजिक' को पूरा करने के लिए अजय से 2.5 करोड़ रुपए लिए थे ।
अमीषा फिल्म में एक्टिंग के साथ इसे प्रोड्यूसर भी कर रही हैं । ये फिल्म साल 2013 में बनना शुरू हुई थी । अमीषा ने अजय से कहा था कि फिल्म रिलीज होते ही वो उन्हें ब्याज के साथ पैसे वापस लौटा देंगी । अजय ने लंबे समय तक इंतजार किया लेकिन फिल्म रिलीज नहीं हुई । जब अजय ने अमीषा से पैसों के बारे में पूछा तो उन्होंने 3 करोड़ रुपए का चेक दिया ।
अजय ने ये चेक बैंक में लगाया तो वो बाउंस हो गया । अजय ने दोबारा अमीषा से बात की । इस पर अमीषा ने कहा कि हमारा आपको पैसे वापस ना करने का कोई इरादा नहीं है । फिल्म रिलीज होते ही पैसे वापस कर देंगे । इसके अलावा अजय को अमीषा की मशहूर लोगों के साथ तस्वीरें दिखाकर धमकाया भी गया ।
इस बात से परेशान होकर अब अजय ने कानून की मदद लेने का फैसला किया और उनके खिलाफ रांची की एक अदालत में केस फाइल किया है । अमीषा की इस फिल्म में जायेद खान, रणधीर कपूर, साहिल श्रॉफ और रवि किशन काम करने वाले थे । फिल्म में अमीषा का डबल रोल है । बता दें कि इससे पहले भी अमीषा पर धोखाधड़ी का आरोप लग चुका है । एक ईवेंट कंपनी का आरोप था कि अमीषा पटेल ने पैसे ले लिए लेकिन शादी में डांस करने के लिए शामिल नहीं हुईं।