बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की खबर सुनकर हर कोई सन्न रह गया था। इतने प्रतिभाशाली अभिनेता का यूं चले जाने, हर चाहने वाले की आंखों में आंसू दे गया। बॉलीवुड इंडस्ट्री के अलावा भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री भी सुशांत के जाने से बहुत दुखी है। हाल ही में भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव और अभिनेत्री अक्षरा सिंह सुशांत के घर पटना पहुंचे।
अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने हाल ही में सुशांत के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने सुशांत के पिता केके सिंह से मुलाकात की। इस दौरान अक्षरा की आंखें नम थीं। अक्षरा ने कहा कि एक बहुत अच्छा इंसान चला गया। सुशांत को खोने का गम हर स्टार को है।
अक्षरा सिंह के अलावा भोजपुरी सुपर स्टार खेसारी लाल यादव भी सुशांत सिंह राजपूत के घर पहुंचे और वहां उनके पिता से मुलाकात की। इस दौरान खेसारी ने सुशांत के पिता का दर्द बांटते हुए उन्हें सांत्वना दी। खेसारी ने मुलाकात की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए साझा की हैं।
मीडिया से बातचीत में खेसारी लाल यादव ने कहा कि सबको पता है कि बॉलीवुड में क्या होता है। ये कोई नई बात नहीं है। अभी मामला जांच प्रक्रिया के तहत है, इसलिए मैं किसी पर भी कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं। लोगों को गुस्सा पहले आया होता तो आज सुशांत हमारे बीच होते।