बीते दिनों टॉपलेस होकर फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच का विरोध कर विवादों में आईं साउथ एक्ट्रेस श्रीरेड्डी का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। पूरे विवाद में अब तेलंगाना सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। श्री रेड्डी केस को देखते हुए सरकार ने फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन में नया बदलाव कर दिया है।
मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार तेलंगाना सरकार के सिने कला मंत्री टी. श्रीनिवास यादव ने घोषणा की है कि जल्द ही फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन में यौन शोषण की शिकायत के लिए स्पेशल सेल का गठन किया जाएगा। मंत्री का यह फैसला टॉपलेस होकर प्रोटेस्ट करने वाली श्री रेड्डी के विवाद के बीच आया है।
टी. श्रीनिवास यादव ने मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (MAA) के सदस्यों के साथ मीटिंग करने के बाद यह फैसला लिया। उन्होंने कहा कि श्री रेड्डी के विवाद को जल्द ही खत्म किया जाए। साथ ही श्रीनिवास यादव का कहना है कि आगे से अगर कोई भी महिला आर्टिस्ट फिल्म इंडस्ट्री में यौन शोषण जैसी घटना शिकार होती है तो वह तुरंत पुलिस का या फिर स्पेशल सेल में आकर शिकायत कर सकती है।
टी. श्रीनिवास यादव ने श्रीरेड्डी के मामले पर ज्यादा बात न करते हुए बस इस विवाद को जल्द खत्म करने के निर्देशन दिए हैं। आपको बता दें कि श्री रेड्डी बंजारा हिल्स स्थित फिल्म चैम्बर ऑफ कॉमर्स के ऑफिस के सामने विरोध प्रदर्शन के दौरान टॉपलेस हो गई थीं। श्री रेड्डी ने आरोप लगाया कि कई प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स ने उनका यौन उत्पीड़न किया। 3 फिल्मों में काम करने के बाद भी उन्हें मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (MAA) की सदस्यता नहीं दी गई।