धड़क के बाद जाह्नवी कपूर दूसरी फिल्म की तैयारियों में लग गई हैं और पूरी तरह से निर्माता करन जौहर की देखरेख में कदम बढ़ा रही हैं। करन इन दिनों जाह्नवी को फिल्मों के साथ सेलेब्रिटी के रूप में परिधान पहनने से लेकर रहन-सहन की ट्रेनिंग दिला रहे हैं। इस बीच जाह्नवी ने उनके प्रोडक्शन हाउस की दूसरी फिल्म की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जो एक महिला पायलट की बायोपिक है।
उधर, सूत्रों का कहना है कि करन की वजह से जाह्नवी इतनी व्यस्त हो गई हैं कि उन्हें अपने पिता बोनी कपूर के लिए भी वक्त नहीं मिल पा रहा। बोनी अपनी बेटी को लेकर एक फिल्म की योजना बना रहे हैं और जाह्नवी के साथ इस पर विचार करना चाहते हैं मगर बेटी को वक्त ही नहीं मिल रहा। हालांकि बोनी इस बात से नाराज नहीं हैं। वह खुश हैं कि जाह्नवी करन के मार्गदर्शन में बढ़ रही हैं। करन श्रीदेवी-बोनी के हमेशा बहुत करीब रहे हैं और जाह्नवी को बेटी समान मानते हैं।
सूत्रों के अनुसार जाह्नवी इंडियन एयरफोर्स की पायलट गुंजन सक्सेना के जीवन पर बन रही फिल्म में लीड रोल निभाएंगी। गुंजन एयरफोर्स की पहली महिला पायलट हैं और उन्होंने 1999 में कारगिल युद्ध में हिस्सा लिया था। जाह्नवी ने गुंजन से मिल कर इस रोल की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसकी शूटिंग में अभी समय है और यह 2019 में फ्लोर पर जाएगी। करन जौहर निर्देशक की तलाश कर रहे हैं।
फिल्मों के अलावा जाह्नवी जल्द ही विज्ञापनों की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। उन्हें टी-प्रोडक्ट्स के ब्रांड ने साइन किया है। जाह्नवी इस नई शुरुआत को लेकर उत्साहित हैं। उनकी करीबी बताते हैं कि वह इस दिन का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रही थीं। जाह्नवी का कहना है कि वह विज्ञापनों में सिर्फ कैलेंडर गर्ल की तरह नहीं दिखेंगी बल्कि उन्हीं ब्रांड्स से जुड़ेंगी जो सच्ची बात करते हैं।
वहीं अगर बात करें जाह्नवी के पर्सनल लाइफ की तो उनकी और ईशान खट्टर की नजदीकियां इन दिनों परवान पर है। जी हां, दोनों के बीच बढ़िया केमिस्ट्री सिर्फ ऑन स्क्रीन ही नहीं बल्कि ऑफ स्क्रीन देखी गई है। खबरें आ रही है कि दोनों प्यार में न सिर्फ डूबे हुए हैं बल्कि इन दोनों के रिश्ते को जाह्नवी के पापा बोनी कपूर से भी रजामंदी मिल चुकी है। कपूर परिवार के करीबी सूत्रों का कहना है कि जाह्नवी और ईशान ऑन स्क्रीन ही नहीं, ऑफ स्क्रीन भी बेहद प्यारे लगते हैं। इनकी इस बात से दोनों को ग्रीन सिग्नल मिल भी चुका है।