गीता टंडन: स्टंट कोऑर्डिनेटर ने इस शो पर लगाए गंभीर आरोप, अनिल कपूर और फराह खान को क्यों मांगनी पड़ी माफी?
- स्टंट कोऑर्डिनेटर गीता टंडन के एक पोस्ट से सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया है।
- उन्होंने शो 'इंडिया के टॉप 1%' के सेट पर अपने साथ हुए व्यवहार को लेकर नाराजगी जाहिर की है।
- जानिए गीता ने क्या कहा और एक्टर्स ने इस मामले पर क्या रिएक्शन दिया है।
विस्तार
'नौ घंटे तक कराया इंतजार'
गीता ने सोशल मीडिया पर 8 स्लाइड की एक पोस्ट शेयर कर अपना अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने बेटे के साथ शो में बतौर गेस्ट बुलाया गया था। वह बिना किसी फीस के शो में आने के लिए तैयार हो गई थीं, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि इससे उन्हें कुछ पहचान मिलेगी। लेकिन सेट पर उनका अनुभव काफी निराशाजनक रहा।
गीता के मुताबिक, वह दोपहर 12:30 बजे सेट पर पहुंच गई थीं। उन्हें बताया गया था कि कुछ घंटों में उनके हिस्से की शूटिंग हो जाएगी। लेकिन इंतजार करते-करते पूरा दिन निकल गया और टीम की तरफ से उन्हें कोई साफ जानकारी नहीं मिली। गीता और उनके बेटे को एक टेंट में बैठाया गया था। उन्हें यह भी नहीं बताया जा रहा था कि शूटिंग के लिए उन्हें कब बुलाया जाएगा।
गीता ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मैंने अपना एक दिन का काम छोड़ा और खास तौर पर शूटिंग के लिए अपने बेटे को गोवा से वापस बुलाया। मैंने कई बार टीम से पूछा कि शूटिंग कब होगी, लेकिन हर बार यही कहा गया कि वे उन्हें जानकारी देंगे।'
गीता ने बताया कि आखिरकार उन्होंने देरी और अपने साथ हुए व्यवहार को लेकर प्रोडक्शन टीम से सवाल किया। उनके मुताबिक, इस पर प्रोडक्शन मैनेजर जयदीप ने कहा, 'अगर उन्हें जाना है तो जाने दीजिए, लेकिन वे साइन किए बिना नहीं जा सकती।'
गीता ने सवाल उठाया कि जब वह और उनका बेटा वहां से जाना चाहते थे, तो उन्हें बिना किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए जाने की इजाजत क्यों नहीं दी जा रही थी। उन्होंने कहा कि वह इस तरह के व्यवहार को स्वीकार नहीं कर सकती थीं। आखिरकार, रात 9:15 बजे वह सेट से निकलीं। इस तरह उन्हें करीब नौ घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
उन्होंने आगे लिखा, 'मैं वहां किसी से एहसान मांगने नहीं गई थी। आपकी टीम ने मुझे बुलाया था और बार-बार मुझसे संपर्क किया था। मैंने अपना समय, अपने काम से जुड़े जरूरी कमिटमेंट और अपने बेटे का समय दिया, वह भी बिना एक रुपया मांगे। बदले में मुझे कम से कम इंसान की तरह सम्मान मिलने की उम्मीद थी।'
गीता ने शो से जुड़े प्रोडक्शन हाउस बनिजय एशिया, अनिल कपूर और फराह खान को भी संबोधित किया। उन्होंने साफ किया कि वह यह नहीं कह रही हैं कि अनिल या फराह ने व्यक्तिगत तौर पर टीम को उनके साथ ऐसा व्यवहार करने के लिए कहा था। हालांकि, वह चाहती थीं कि उन्हें पर्दे के पीछे हुई इस घटना के बारे में पता चले।
उन्होंने लिखा, 'किसी को कितना सम्मान मिलेगा, यह इस बात पर निर्भर नहीं होना चाहिए कि वह सेलिब्रिटी है या नहीं। कैमरे के पीछे काम करने वाला इंसान भी उतने ही सम्मान का हकदार है, जितना कैमरे के सामने खड़ा होने वाला व्यक्ति।'
देखें पोस्ट-
गीता की पोस्ट पर फराह खान ने रिएक्शन देते हुए उनसे माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि गीता सेट पर इंतजार कर रही हैं, क्योंकि वह शाम को दूसरे एपिसोड की शूटिंग कर रही थीं।
फराह ने लिखा, 'गीता जी, माफ कीजिएगा। मुझे नहीं पता था कि आप वहां थीं, क्योंकि मैं शाम को दूसरे एपिसोड की शूटिंग कर रही थी। अगर मुझे पता होता, तो मैं आपको अपनी वैन में बैठने के लिए कहती। अनिल भी अगर जानते तो ऐसा ही करते। हम आपके काम और मेहनत का बहुत सम्मान करते हैं।'
अनिल कपूर ने कही ये बात
वहीं, अनिल कपूर ने भी गीता की पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। अनिल ने लिखा, 'गीता जी, आपके साथ जो हुआ, उसके बारे में जानकर मुझे सच में दुख हुआ। शो के होस्ट के तौर पर मेरी हमेशा यही कोशिश रही है कि शो से जुड़े हर व्यक्ति को यहां सम्मान और अपनापन महसूस हो। आप और आपके बेटे हमारे मेहमान बनकर आए थे। मुझे दुख है कि आपका अनुभव इसके बिल्कुल उलट रहा।'
अनिल ने आगे कहा कि वह गीता की बातों को गंभीरता से लेते हैं और इंडस्ट्री में हर व्यक्ति के सम्मान की अहमियत समझते हैं। गीता ने भी अनिल का शुक्रिया अदा किया और उम्मीद जताई कि आगे किसी और को इस तरह के अनुभव से न गुजरना पड़े।
गीता टंडन स्टंट कोऑर्डिनेटर और परफॉर्मर हैं। वह पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से हिंदी फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में काम कर रही हैं। वह दीपिका पादुकोण, कैटरीना कैफ और ऐश्वर्या राय बच्चन जैसी कई बड़ी अभिनेत्रियों की बॉडी डबल भी रह चुकी हैं।
गीता ने 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'सिंघम', 'रा.वन' और 'सुल्तान' जैसी फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा वह 'द फैमिली मैन' जैसे शो का भी हिस्सा रही हैं। वह 'खतरों के खिलाड़ी 5' में भी नजर आ चुकी हैं। गीता आग के बीच स्टंट करने और ऊंचाई से छलांग लगाने जैसे कई मुश्किल स्टंट के लिए जानी जाती हैं।
ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी: 'उन्होंने सच कहा था...', सिंगर के विवाद में अभिजीत भट्टाचार्य की एंट्री, मंत्री का किया समर्थन