बॉलीवुड में सलमान-शाहरुख जैसे सुपरस्टार की 'मां' का रोल निभाने वाली रीमा लागू का निधन एक साल पहले आज ही के दिन यानी 18 मई 2017 को हुआ था। दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ था। तबीयत खराब होने पर रीमा लागू को मुंबई के कोकिला बेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली थी।
रीमा लागू ने अपने करियर की शुरुआत मराठी टीवी सीरियल से की थी। रीमा को उस समय पहचान मिली जब उन्होंने फिल्म 'मैंने प्यार किया' में काम किया। इस फिल्म में रीमा ने सलमान खान की मां का रोल निभाया था। इसके बाद से रीमा ने कई हिट फिल्मों में काम किया। आइए जानते हैं रीमा की वो 7 बड़ी फिल्में जिसमें उन्होंने लीड रोल भले ना प्ले किया हो लेकिन वो बॉलीवुड की फेमस 'मां' जरूर बन गईं।
मैंने प्यार किया- यही फिल्म थी जिससे रीमा लागू को बॉलीवुड में पहचान मिली। सलमान खान की 'मां' के किरदार में रीमा लागू खूब फबी थीं। इसके बाद रीमा लागू ने कई फिल्मों में सलमान की मां का किरदार निभाया। एक वक्त ऐसा भी आया जब असल जिंदगी में लोग उन्हें सलमान खान की मां कहकर पुकारने लगे थे।
वास्तव- इस फिल्म में रीमा लागू ने संजय दत्त की मां का किरदार निभाया था। फिल्म जहां बॉक्स आफिस पर हिट रही थी वहीं रीमा लागू को मां के किरदार में दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
जुड़वा- डेविड धवन की इस फिल्म में रीमा ने सलमान खान की मां का रोल प्ले किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। इसका रीमेक भी बना जिसमें वरुण धवन ने सलमान खान का रोल किया।
हम साथ-साथ हैं- रीमा लागू शायद फिल्म मेकर सूरज बड़जात्या की फेमस रील 'मां' हैं। 'मैंने प्यार किया' के बाद सूरज ने अपनी लगभग अपनी हर फिल्म में रीमा लागू को 'मां' का रोल दिया जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। 'हम साथ साथ हैं' में रीमा ने सैफ अली खान, सलमान खान और मोहनीश बहल की मां का रोल प्ले किया था।