बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट यानी आमिर खान की फैन फॉलोइंग केवल भारत में ही नहीं अब चीन में भी बढ़ चुकी है। फिल्म 'पीके', 'दंगल' और 'सीक्रेट सुपरस्टार' हिट होने के बाद वह चीनी दर्शकों के फेवरेट स्टार बन गए हैं। यही वजह है कि चीन में उनकी फिल्में शानदार कमाई करती हैं। चीन में आमिर की फैन फॉलोइंग को देखते हुए फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' के निर्माताओं ने बड़ा फैसला किया है।
मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' को चीन में भी उसी दिन रिलीज किया जाएगा जिस दिन यह भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी। आपको बता दें कि चीन में बॉलीवुड फिल्में भारत में रिलीज होने के काफी समय बाद रिलीज होती हैं। लेकिन ऐसा पहली बार होगी कि कोई बॉलीवुड फिल्म एक ही तारीख पर दोनों देशों में रिलीज होगी।
बताया जा रहा है कि फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' के निर्माताओं ने ऐसा फैसला चीन में आमिर की फैन फॉलोइंग और उनकी फिल्मों की कमाई को देखते हुए किया है। निर्माताओं का मानना है कि 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' जैसे ही भारत में रिलीज होगी चीन में बैठे आमिर के फैंस उनकी फिल्म को इंटरनेट पर डाउनलोड करके देख सकते हैं। इससे फिल्म की कमाई पर बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए निर्माताओं ने 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' को दोनों देशों में एक ही दिन रिलीज करने का विचार बनाया है।
फिलहाल इस बारे में अभी तक 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' की टीम ने कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन खबरों की मानें तो फिल्म की पूरी टीम अगले हफ्ते चीन जाने वाली है। उम्मीद लगाई जा रही है कि वहां पर टीम इस बात का खुलासा कर सकती है।
आपको बता दें कि 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' में आमिर खान के साथ अमिताभ बच्चन भी नजर आएंगे। इस फिल्म में आमिर ठगों की परम्परा को निर्वाह करने वाली पीढ़ी के अगुवा बने हैं और अमिताभ बच्चन भी एक समुद्री लुटेरे हैं। 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' में कटरीना कैफ और फातिमा सना शेख भी नजर आएंगी। यह फिल्म साल 2018 की दीवाली पर रिलीज होगी।